रिपोर्ट–घनश्याम तिवारी
संतकबीरनगर,संदेश महल समाचार
खलीलाबाद तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्व निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण सम्बंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाये जाने, एक ही समस्या को बार-बार प्रस्तुत किये जाने अथवा सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी द्वारा ससमय संज्ञान न लेने को गम्भीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रकरणों की गंभीरता से जांच की जाय साथ ही जबाबदेह लोगों के विरूद्ध भी कार्यवाही की जाय। उन्होंने कहा कि जब भी अधिकारीगण गावों के भ्रमण पर जायं, अपने विभाग से संबंधित योजनाओं/कार्यक्रमों का मौके पर सत्यापन करें तथा लाभार्थियों का फीडबैक भी ले।
खलीलाबाद तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 34 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें से 07 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारित कर शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित अधिकारियों को अंतरित करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिये गये। प्रभारी जिलाधिकारी ने अवशेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने इस आयोजन में पिछले संपूर्ण समाधान दिवसों में प्राप्त लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों में निस्तारण मे विलम्ब का कारण का भी उल्लेख किया जाय साथ ही सभी प्रकरणों को अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करा दिया जाय।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर अजय कुमार त्रिपाठी सहित तहसील से सम्बंधित अधिकारी, राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में मेंहदावल तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई योगेश्वर सिंह उप जिलाधिकारी मेहदावल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। उन्होंने विभिन्न मामलों से सम्बंधित एक-एक कर फरियादियों के समस्याओं को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिये। तहसील मेंहदावल में कुल 42 प्रार्थना पत्र आये जिसमें से मौके पर 02 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कर शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थातंरित करते हुए अबिलम्ब गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराये जाने का निर्देश दिया गया। आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उप जिलाधिकारी द्वारा 75 लाभार्थियों को घरौनी का भी वितरण किया गया।