घरेलू विवाद में देवर ने भाभी को मारी गोली हालात नाजुक, ट्रामा में चल रहा इलाज

रिपोर्ट/- रामप्रवेश यादव बाराबंकी संदेश महल समाचार

सगे भाईयों में बटवारे को लेकर हुआ विवाद

जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात घर में भाईयों के बीच हो रहे आपसी विवाद में एक देवर ने अपनी भाभी पर फायर झोंक दी। गोली लगने से घायल महिला को परिवारीजन लहूलुहान हालत में जिला लेकर पहुंचे, हालत नाजुक देख उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। जहांगीराबाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के चपरी गांव निवासी प्रमोद गुरुवार को घर की जमीन पर टीनशेड रख रहे थे। जिसका भाई अशोक व विनोद ने विरोध किया तो वह मारपीट पर आमादा हो गया। विनोद का आरोप था कि उक्त जमीन उसके हिस्से की है। इस पर विनोद ने 112 डायलकर पुलिस बुला ली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया। प्रमोद, अशोक, तीरथ, विनोद चार भाई हैं। गुरुवार की देर रात उसी बात को लेकर प्रमोद विनोद व भाई अशोक में विवाद होने लगा। जिस पर अशोक की पत्नी गुड्डी देवी 45 बीच बचाव करने पहुंची। इसी बीच प्रमोद घर में रखा तमंचा निकालकर छत पर चढ़ गया। गाली देते हुए भाभी गुड्डी देवी पर फायर झोंक दी। गोली सीधे गुड्डी देवी के सीने में लगी। गोली लगते ही वह बेहोश हो गई। परिजन आनन फानन उसे लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, हालत नाजुक होने के चलते उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहांगीराबाद पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी रही। घटना के बाद से अशोक के घर में कोहराम मचा हुआ है। गांव में सन्नटा पसरा है।

पुलिस संज्ञान लेती तो न होती घटना 

गुरुवार की सुबह प्रमोद जब टीन शेड रख रहा था तो विरोध जताते हुए विनोद ने 112 डायल कर पुलिस बुलाई थी। जिस पर विनोद ने थाने में तहरीर देकर उचित कार्रवाई की मांग भी की थी। किंतु जहांगीराबाद पुलिस ने समय से संज्ञान नहीं लिया। यदि पुलिस समय से संज्ञान लेती तो उक्त घटना न होती। हल्का दारोगा अरविंद यादव को जब शुक्रवार दोपहर फोन किया गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। करीब 14 घंटे बाद भी घटना की जानकारी हल्का दारोगा को न होना पुलिस की सुस्ती बयां कर रही है।

error: Content is protected !!