रिपोर्ट
उमेश बंशल
लखीमपुर-खीरी संदेश महल समाचार
जंगली हाथी के हमले में युवक की मौत से ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ गुस्सा फूटा है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग बाघ और हाथी से सुरक्षा का बंदोबस्त करे। अभी तक मंझरा पूरब जंगल के आसपास बाघ 11 लोगों को अपना निवाला बना चुका है। बृहस्पतिवार को जंगली हाथी ने 21 वर्षीय मंगत सिंह को पैरों से कुचलकर मार डाला।
ग्राम निवासी गुरचरण सिंह, सुरजीत सिंह, कक्का सिंह, तारा सिंह बताते हैं कि जंगल किनारे तक खेत हैं। खेतों में गन्ने की फसल खड़ी है। हाथी गन्ने की फसल भी नष्ट करते हैं और इंसानों की जान भी ले रहे हैं। बचाव के लिए वन विभाग को पुख्ता इंतजाम करने चाहिए ताकि किसानों की जान बच सके और वे खेती कर जीवन यापन कर सकें। शुक्रवार को एसडीएम श्रद्धा सिंह मृतक मंगत सिंह के घर पहुंचीं और परिवार वालों को सांत्वना दी।
रेंजर विमलेश कुमार बताते हैं कि लोगों की सुरक्षा के लिए जंगल के बाहर तेज सर्च लाइट लगाई गई है। जंगल किनारे खाई खोदवा दी गई है। टीम यहां रोजाना निगरानी कर रही है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।