मेजर अभिषेक सिंह को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने शौर्य चक्र से किया सम्मानित

सूरज रस्तोगी
लखीमपुर खीरी संदेश महल समाचार

शिव कॉलोनी के रहने वाले मेजर अभिषेक सिंह को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने शौर्य चक्र से सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान वर्ष 2022 में पुलवामा हमले के बाद लगातार चले ऑपरेशन के दौरान आतंकियों से मोर्चा लेकर उनके मंसूबों पर पानी फेरने के लिए दिया गया।
चाचा अजय प्रताप सिंह ने बताया कि उनके भतीजे अभिषेक सिंह सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा (सीडीएस) के जरिये 2014 में सेना में शामिल हुए। परमेश सिंह के पुत्र अभिषेक पुलवामा में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान जख्मी हुए थे। इस बहादुरी के लिए अभिषेक को मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति ने शौर्य चक्र से सम्मानित किया। इस समारोह में शामिल होने के लिए अभिषेक सिंह के बड़े भाई परमेज सिंह और भाभी लक्ष्मी सिंह भी गए हैं।
चाचा ने बताया कि सीडीएस पास करने के बाद अभिषेक चेन्नई में ट्रेनिंग कर लेफ्टिनेंट बने। फिर कैप्टन और मेजर पद पर प्रोन्नत हुए। पुलवामा हमले के बाद लगातार चल रहे ऑपरेशन के दौरान वर्ष 2022 में जब बड़गाम में आतंकियों से लोहा ले रहे थे तो दो आतंकियों को मार गिराया था। एक आतंकवादी ने ग्रेनेड फेंका था जिससे अभिषेक भी घायल हो गए थे।

error: Content is protected !!