रिपोर्ट
प्रवीन कुमार
मैनपुरी संदेश महल समाचार
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में आज एटा और मैनपुरी जिले में मतदान होगा। सात बजे से मतदान शुरू हो चुका है। जो शाम छह बजे तक चलेगा। दोनों जिलों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
मैनपुरी जिले में 12.20 लाख मतदाता पंचायत चुनाव में 11945 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। इसमें ग्राम प्रधान के 549 पदों के लिए 4850 और क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के 761 पदों पर 3417 प्रत्याशी मैदान में हैं।
जिला पंचायत सदस्य के 30 पदों के लिए 367 और ग्राम पंचायत सदस्य के 6967 पदों के लिए 3311 प्रत्याशी मैदान में हैं। केवल ग्राम पंचायत सदस्य में ही पदों के सापेक्ष प्रत्याशियों की संख्या कम है। जिले में 2085 मतदान स्थल बनाए गए हैं।
एटा जिले के प्रत्याशी
ग्राम प्रधान- 6085
क्षेत्र पंचायत सदस्य- 3848
ग्राम पंचायत सदस्य- 4595
जिला पंचायत सदस्य- 329
एटा जिले के मतदाता भी गांव की सरकार चुनने के लिए तैयार हैं। जिले के 12.14 लाख मतदाता 2024 मतदान स्थलों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सुरक्षा की दृष्टि में जिले को 24 जोन और 210 सेक्टर में विभाजित किया है। पुलिस-प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया है।