रिपोर्ट
प्रताप सिंह
मथुरा संदेश महल समाचार
तेज बारिश के बीच यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों का रैला लग गया जिसके चलते मांट क्षेत्र में स्थित जाबरा टोल पर जाम के हालात बन गए। टोल पास करने के इंतजार में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम खुलवाने के लिए एक्सप्रेस वे कर्मियों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। इस दौरान सैकड़ों वाहन रेंग-रेंगकर चले। टोल पास होने के बाद वाहनों ने रफ्तार पकड़ी। ये हालत काफी देर बने रहे।
हल्की बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी हुई और लोगों को भीषण शीतलहर से कुछ राहत मिल सकी। मौसम विभाग के मुताबिक अभी तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा और इसके बाद एक बार फिर शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा। इसके साथ ही जहां कोहरा बढ़ेगा तो वहीं आगामी दिनों में ओलावृष्टि पड़ने की भी संभावना है।
हवा का रुख बदलने से मौसम का मिजाज शनिवार की शाम से ही बदलने लगा और रात में आसमान में बादल छाने लगे। इसके बाद देर रात हल्की बारिश भी हुई। इसका असर तड़के भी रहा और बदली के बीच रविवार को दिन निकला। सुबह हल्का कोहरा भी छाया रहा, जो सूरज चढ़ने के साथ खत्म हो गया, लेकिन आसमान में बदली छायी है। बारिश के साथ आसमान में बदली छाने व हवाओं की दिशा बदलने से बर्फीली हवाओं का प्रभाव कम हो गया और उत्तर प्रदेश के ज्यादतर जनपदों में तापमान सामान्य हो गया। इससे लोगों को शीतलहर से काफी राहत मिल सकी। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का बरेली जनपद 3.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे सर्द भरा जनपद रहा।
अगले चौबीस घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और एक या दो स्थानों पर कोहरा पड़ने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक या दो स्थानों पर क्षेत्रो में वर्षा या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक या दो स्थानों पर शीत दिवस बने रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 24 और 08 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।