रिपोर्ट
जयप्रकाश रावत
संदेश महल समाचार
611 संतकबीरनगर,405 बाराबंकी,710 सीतापुर,755 बस्ती,549 अमरोहा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम हुआ सम्पन्न
संतकबीरनगर
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत जनपद मुख्यालय स्थित शगुन मैरेज हाल (मुखलिसपुर रोड, प्रभा देवी महाविद्यालय के बगल) में 611 जोड़ो का विवाह धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार सकुशल सम्पन्न कराया गया। जिसमें
धनघटा तहसील से 145, मेंहदावल तहसील से 232 खलीलाबाद तहसील से 234 जोड़ो का विवाह सकुशल एवं धार्मिक रिति रिवाज के अनुसार सम्पन्न कराया गया।
सम्पूर्ण कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 प्रोटोकाल का अनुपालन करते हुये सामूहिक विवाह का आयोजन जनपद के तीनों तहसीलों धनघटा, मेंहदावल एवं खलीलाबाद से सम्बंधित जोड़ो का विवाह निर्धारित कार्यक्रम/समय के अनुसार तीन पालियों में सम्पन्न कराया गया। इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक डा0 कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी एस0एन0 श्रीवास्तव सहित सभी अतिथियों ने नवदम्पत्तियों को अशीर्वाद देते हुए सुखद वैवाहिक जीवन की मंगल कामना की।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम समारोह में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने जिला प्रशासन द्वारा सामूहिक विवाह कराने हेतु बनाई गयी चाक-चौबन्द व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी एस0एन0 श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण् अधिकारी महेन्द्र कुमार एवं कर्मचारियों को धन्यवाद दिया और कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का मुख्य उद्देश्य ऐसे गरीब परिवारों के लड़के-लड़कियों की शादी करवाना है जो शादी का खर्च स्वंय नही उठा सकते। उन्होंने बताया कि यह योजना मुख्यमंत्री जी द्वारा गरीब लडकियों की शादी के लिये सबसे अच्छी पहल है और अब कोई भी गरीब परिवार अपने लड़की की शादी को लेकर खुद पर बोझ नही महसूस करेगा क्योकि इसमें शादी का पूरा खर्चा प्रदेश सरकार उठाती है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पधारे सभी वर पक्ष, वधू पक्ष एवं उनके संबंधियों का हार्दिक स्वागत करते हुए विवाह सूत्र में बधने वाले सभी नवयुगलो को उनके सफल वैवाहिक जीवन का आशीर्वचन दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि आज सम्पन्न इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जनपद के कुल 611 जोड़ो का जिसमें 548 जोड़ों का हिन्दु धर्म की परम्परा एवं धार्मिक रीति रिवाज के साथ गायत्री परिवार के विद्वान आचार्याे/पंडितों के द्वारा सम्पन्न कराया गया तथा 63 जोड़े का मुस्लिम धर्म की परम्परा के अनुसार मौलवी/काजी द्वारा निकाह कराया गया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में उपहार स्वरूप लड़की के खातें में 35 हजार धनराशि सहित पायल, विछिया, वर्तन सेट, वर वधू को कपड़ा, अटैची इत्यादि के अलावा वन विभाग द्वारा एक-एक आम व अमरूद का पौधा भी दिया गया। उल्लेखनीय है कि इसमें प्रति जोड़ो पर प्रदेश सरकार द्वारा 51 हजार रूपये खर्च करने की व्यवस्था की गयी है। मुख्य प्रवेश द्वार पर कोरोना जांच टीम द्वारा प्रत्येक आगंतुकों का थर्मल स्कैनिग एवं एंटीजन टेस्ट किया गया। मुख्य विकास अधिकारी एस0एन0 श्रीवास्तव ने सभी वर वधूओं को अशीर्वाद प्रदान करने के पश्चात कार्यक्रम में आये हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी महेन्द्र कुमार, डी0सी मनरेगा, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज, सहित खण्ड विकास अधिकारी व सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति आदि उपस्थित रहें।
बाराबंकी
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले भर में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। तहसील स्तर पर आयोजित इस सरकारी कार्यक्रम में 405 जोड़ों का विवाह कराया गया। गायत्री परिवार के आचार्यों ने जहां 390 हिन्दू जोड़ों का विवाह रीति रिवाज के अनुसार मंत्रोच्चारण कर कराया। वहीं 15 मुस्लिम जोड़ों का निकाह इमाम द्वारा कराया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शहर के जीआईसी ऑडीटोरियम में नवाबगंज तहसील क्षेत्र के पंजीकृत 89 में से शामिल हुए 87 जोड़ों का विवाह कराया गया। इनमें शामिल चार मुस्लिम जोड़ों का निकाह ईदगाह के इमाम द्वारा कराया गया। गायत्री परिवार के आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चारण कर विधि-विधान से विवाह संपंन कराया गया।
वैवाहिक कार्यक्रम की शुरुआत सांसद उपेंद्र सिंह रावत और जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस दौरान सांसद ने अधिकारियों संग मंच पर 10 जोड़ों को उपहार और प्रमाण पत्र दिए। इस मौके पर एसडीएम सदर, जिला समाज कल्याण अधिकारी, बीडीओ आदि मौजूद रहे।
तहसील : फतेहपुर, स्थान : सांई डिग्री कॉलेज
निंदूरा और फतेहपुर ब्लॉक के पंजीकृत कुल 83 जोड़ों में 79 का विवाह कराया गया। जबकि पांच जोड़े शामिल नहीं हुुए। एक मुस्लिम जोड़े का निकाह मौलाना द्वारा धर्म के अनुसार कराया गया। विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, बीडीओ आलोक वर्मा, संतोष कुमार व विपिन राठौर ने नव दंपतियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंच पर कुछ जोड़ों को प्रतीकात्मक रुप से प्रमाण पत्र और उपहार वितरित किए।
तहसील : रामनगर, स्थान : महादेवा ऑडीटोरियम
सिरौलीगौसपुर और रामनगर तहसील क्षेत्र के कुल पंजीकृत 49 में से 48 जोड़ों का विवाह गायत्री परिवार द्वारा कराया गया। इसमें मुस्लिम समाज का एक भी जोड़ा शामिल नहीं रहा। विधायक शरद अवस्थी, ब्लॉक प्रमुुख लकी सिंह, पीडी भोलानाथ कनौजिया, बीडीओ अमित त्रिपाठी के साथ नव दंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया। और कुछ जोड़ों को प्रमाण पत्र और उपहार दिए।
तहसील : हैदरगढ़ , स्थान : ग्राम्यांचल महाविद्यालय
128 जोड़ों का विवाह कराया गया। इनमें तीन जोड़े मुस्लिम धर्म के शामिल रहे। विधायक बैजनाथ रावत, महाविद्यालय की अध्यक्ष प्रेमावती और प्रबंधक राजेश कुमार सिंह ने नव दंपयिों को आशीर्वाद प्रदान किया। गायत्री परिवार के आचार्यों ने विधि-विधान से विवाह संपंन कराया। तहसील स्तर पर कुल 131 जोड़ें पंजीकृत किए गए थे। इनमें तीन जोड़ें शामिल नहीं हुए।
तहसील : रामसनेहीघाट, स्थान : पायका मैदान धरौली
तहसील क्षेत्र के पंजीकृत 67 में से 63 जोड़ों का विवाह संपंन कराया गया। इनमें 7 जोड़ें मुस्लिम समाज के शामिल रहे। जिनका निकाह काजी द्वारा मुस्लिम धर्म के अनुसार कराया गया। यहां पर क्षेत्रीय विधायक सतीश चंद्र शर्मा ने जोड़ों को आशीर्वाद के साथ योजना के तहत दी जाने वाली सामग्री और प्रमाण पत्र वितरित किए। इस मौके पर एसडीएम विजय त्रिवेदी मौजूद रहे
सीतापुर
जरूरतमंद परिवारों की 710 बेटियों की धूमधाम से शादी कराई गई। इसके लिए सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत संबंधित ब्लॉकों में मंडप सजाया गया। बारातियों का वधू पक्ष, सरकारी अमले व जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में स्वागत व सत्कार किया गया। वैदिक रीति रिवाज से सभी जोड़ों की सगाई की रश्में निभाई गईं। विवाह उपयोगी सामान देकर सभी जोड़ों के सुखमय जीवन की कामना के साथ विदाई की गई।
सीएम सामूहिक विवाह योजना से जिले की 710 जरूरतमंद बेटियों का विवाह सरकारी खर्च पर कराया गया। समाज कल्याण, ब्लॉक और जिला प्रशासन के अफसरों के सहयोग से बेटियों की शादी धूमधाम से कराई गई। इसके लिए सात स्थानों पर भव्य मंडप सजाया गया।
527 अनुसूचित जाति की बेटियों, 127 पिछड़ा वर्ग की, 17 सामान्य वर्ग की बेटियों की हाथ पीले किए गए। 34 अल्पसंख्यक वर्ग की बेटियों का निकाह कराया गया। तीन मंडपों में समाज कल्याण अफसर हर्ष मवार ने पहुुंचकर संबधित सात ब्लॉक क्षेत्रों के जोड़ों के सुखमय जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया।
जनप्रतिनिधियों व अफसरों ने बरात का किया स्वागत
कमलापुर
कमलापुर संवाद के अनुसार ब्लॉक कसमंडा प्रांगण में बिसवां और कसमंडा के 72 जोड़े एक-दूजे के हुए। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी, विधायक महेंद्र सिंह यादव, सांसद मोहनलालगंज कौशल किशोर, पूर्व विधायक रामपाल यादव और कुंवर दिनकर प्रताप सिंह ने जोड़ों को आशीर्वाद दिया। बीडीओ अरुण पांडेय के मुताबिक दो मुस्लिम युवतियों का निकाह कराया गया।
बिसवा,कसमंडा गोदाम ऊ मिश्रित, मछरेहटा
बिसवां विकास क्षेत्र के 35, नगर पालिका बिसवां के दो और ब्लॉक कसमंडा के 34 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
गोंदलामऊ संवाद के अनुसार ब्लॉक परिसर में गोंदलामऊ और पिसावां ब्लॉक के कुल 81 जोड़ों का विवाह कराया गया। तीन अल्पसंख्यक बेटियों का निकाह हुआ। विधायक रामकृष्ण भार्गव, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय सिंह प्रधान संघ अध्यक्ष सरिता सिंह, ब्लॉक प्रमुख नमिता अवस्थी, बीडीओ काजल रावत आदि ने बारातियों का स्वागत करते हुए सभी जोड़ों की विदाई की।
मिश्रिख संवाद के अनुसार ब्लॉक परिसर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें 126 जोड़ें परिणय सूत्र बंधन में बंधे। ब्लॉक मिश्रिख के 70 और मछरेहटा के 56 जोड़ों का सतीश शास्त्री, आचार्य मनोज शुक्ला ने विधि विधान से विवाह संपन्न कराया। मिश्रिख ब्लॉक के 15 और मछरेहटा ब्लॉक के एक अल्पसंख्यक समुदाय के बेटी का निकाह कराया गया। विधायक रामकृष्ण भार्गव, एमएलसी राकेश सिंह, ब्लॉक प्रमुख रामकिंकर पांडे, मिथिलेश कुमारी भार्गव ने जोड़ों के सुखमय जीवन की कामना की।
महोली, ऐलिया,
74 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक शशांक त्रिवेदी ने वर-वधू को आशीर्वाद देकर विवाह प्रमाण पत्र वितरित किए। एडीओ समाज कल्याण आलोक कुमार बाजपेई ने बताया, महोली ब्लॉक के 37 व ऐलिया ब्लॉक के 37 जोड़ों का धूमधाम से विवाह हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा नेता शिवकुमार गुप्ता, आशा मौर्या आदि ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। इसमें दो मुस्लिम जोड़ों का मौलवी ने निकाह कराया।
हरगांव, परसेंडी
हरगांव के एक गेस्ट हाउस में धूमधाम के साथ 60 जोड़ों की सगाई कराई गई। शांति कुंज हरिद्वार से आए पंडितों ने विवाह मंडप में हरगांव के 48 व ब्लॉक परसेंडी के 12 जोड़ो का वैदिक रीति से अग्निदेव को साक्षी मानकर विवाह कराया। विधायक सुरेश राही, जिला उपाध्यक्ष भाजपा इंदू सिंह चौहान, सभासद विमला सिंह चौहान आदि ने बारातियों का स्वागत किया।जोड़ों के सुखमय जीवन की कामना की गई।
तम्बौर बेहटा,संकलन, लहरपुर, खैराबाद
तंबौर और बेहटा ब्लाक के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरकीड़ा चकले बाबा के प्रांगण में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 108 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। ब्लॉक बेहटा से 60, सकरन से 32 व लहरपुर से 16 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया।
मुख्य अतिथि सांसद राजेश वर्मा रहे। विधायक सुनील वर्मा, बेहटा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नीरज वर्मा, लहरपुर ब्लॉक प्रमुख उमा शंकर वर्मा, समाज कल्याण अफसर हर्ष मवार, बीडीओ रजनीश शुक्ल आदि ने सभी जोड़ों के सुखमय जीवन की कामना की। खैराबाद ब्लॉक पर 50 जोड़ों का विवाह गायत्री परिवार की तरफ से विधि विधान से कराया गया।
एक जोड़े पर 51 हजार रुपये हुए खर्च
मुुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़े पर 51 हजार रुपये खर्च किए गए। वधू के बैंक खाते में 35 हजार रुपये भेजे गए। विवाह उपयोगी सामग्री पर दस हजार खर्च किए गए। प्रति जोड़ा छह हजार खर्च कर मंडप सजाने सहित जनातियों व बरातियों का सेवा सत्कार आदि पर खर्च किया गया।
बस्ती
गरीब परिवारों के खुशहाली व बेहतर जीवन बनाने में प्रभावी है योजना
रामनगर ब्लॉक के राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय जोगिया भानपुर में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 755 जोड़े एक दूजे के हुए।
प्रदेश के मंत्री ग्राम्य विकास/समग्र विकास विभाग व जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ गरीब परिवार के लोगों को मिल रहा है। यह योजना गरीब परिवारों में खुशहाली लाने तथा जीवन को बेहतर बनाने में प्रभावी है।
सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विवाहित प्रत्येक जोड़े पर 51 हजार रुपये व्यय किया जाता है। जिसमें 35 हजार विवाहित कन्या के बैंक खाते में भेजा जाता है। योजना के तहत पांच ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित हुआ है। इसमें 755 जोड़े एक दूजे के हुए हैं। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक संजय प्रताप जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख यशकांत सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दुष्यंत विक्रम सिंह, ब्लॉक प्रमुख गौर प्रतिनिधि जटाशंकर शुक्ल, अभिषेक कुमार, हरीश सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष धीरसेन निषाद, सांसद प्रतिनिधि राकेश शर्मा, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव सहित जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
विकास खंड सदर
सदर ब्लॉक के शिव हर्ष किसान पीजी कॉलेज के सामने स्थित मैरेज हॉल में 135 जोड़े वैदिक मंत्र के बीच एक दूजे के हो गए। दो जोड़ों का मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह हुआ। सदर विधायक दयाराम चौधरी ने विवाहित जोड़ों को उपहार देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की। इस मौके पर सदर प्रमुख राकेश श्रीवास्तव, साऊंघाट प्रमुख अभिषेक कुमार, सांसद प्रतिनिधि जगदीश शुक्ल, विधायक प्रतिनिधि राजकुमार शुक्ल, अजय कुमार श्रीवास्तव आदि ने भी आशीर्वाद दिया।
मखौड़ा धाम के मनोरमा नदी तट पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में सजे संवरे 145 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे। हरैया विधायक अजय सिंह बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। सात मुस्लिम जोड़ों का भी निकाह हुआ।
कलवारी बहादुरपुर के झिनकू लाल इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में 185 जोड़ों की शादी हुई।
कप्तानगंज ब्लॉक परिसर में कप्तानगंज के 41, दुबौलिया के 53 तथा गौर के 36 सहित कुल 130 जोडे़ एक दूसरे हो गए। विधायक चंद्र प्रकाश शुक्ला ने नवविवाहित दंपती को आशीर्वाद दिया।
भानपुर,रामनगर ब्लॉक के आश्रम पद्धति विद्यालय जोगिया में सामूहिक विवाह का आयोजन हुआ। इसमें रामनगर, रूधौली और सल्टौवा ब्लॉक के कुल 160 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इसमें 14 जोड़ों का निकाह हुआ।
अमरोहा
जिलेभर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित हुए। नगर के मिनी स्टेडियम में गरीब और असहाय बेटियों के हाथ पीले हुए। योजना के तहत जोड़ों के खाते में निर्धारित धनराशि भेजने के साथ ही उन्हें घर गृहस्थी चलाने को जीवनोपयोगी सामग्री भी प्रदान की गई।549 जोड़े शादी के पवित्र बंधन में बंधे। अधिकारी और परिवारजनों ने नवविवाहित वर-वधू को उनके सुखद जीवन के लिए आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान समारोह में कोविड नियमों केे जमकर धज्जियां उड़ीं।
मिनी स्टेडियम में लगे भव्य पंडाल में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ला, उप जिला अधिकारी सदर विजय शंकर, नगर पालिका चेयरमैन शशि जैन सहित विधिवत रूप से शुभारंभ किया। जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 549 गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न हुआ है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उनको रोजगार मुहैया कराया जा रहा है।
सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीब और असहाय परिवार की बेटी का विवाह कराए जा रहे हैं। चेयरमैन शशि जैन ने कहा कि प्रदेश सरकार की इस योजना से समाज के अंतिम छोर पर खड़े गरीब व्यक्ति तक लाभ पहुंचा रहा है। इसके अलावा विवाह समारोह में सभी लोगों का आपसी सामंजस्य एक-दूसरे के प्रति लगाव को दर्शाता है।

इस दौरान बेटियों के लिए 35,000 हजार की अनुदान राशि बैंक खाते में अंतरित की गई। विवाह बंधन में बंधे वालों में 206 मुस्लिम और 343 हिंदू जोड़े शामिल रहे। इस दौरान अमरोहा नगर के राजकीय मिनी स्टेडियम में 201, सम्राट बैंक्वेट हॉल धनौरा में 208, सुखदेवी इंटर कॉलेज हसनपुर में 140 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान जिला विकास अधिकारी प्रदीप यादव, अधिशासी अधिकारी डॉ बृजेश कुमार आदि मौजूद रहे।