रिपोर्ट
हिमांशु यादव
मैनपुरी संदेश महल समाचार
उत्तर प्रदेश के जिला मैनपुरी के गांव नगला सलेही में एक आठ वर्षीय बालक द्वारा पुनर्जन्म की बातें बताईं गईं। गांव निवासी एक दंपती को अपना माता पिता बताया गया।

इस घटना को लेकर अभी भी ग्रामीणों में उत्सुकता देखी गई। गांव नगला सलेही निवासी प्रमोद कुमार के 13 वर्षीय पुत्र की वर्ष 2013 में नदी में डूबने से मौत हो गई थी। आठ वर्षीय बालक अपने पिता रामनरेश निवासी नगला अमर सिंह के साथ घर आया। उसने प्रमोद को पिता और उनकी पत्नी को मां कह कर बुलाया। इसके बाद पुनर्जन्म में उनका बेटा रोहित होने की बात कही। उन्हें बताया कि नहाते समय नहर में डूब कर उसकी मौत हो गई थी। इस बीच उसने अपने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को भी पहचान कर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। विद्यालय जाकर अपने बैठने वाली कक्षा के बारे में भी बताया था।
पुनर्जन्म की बातों का ये सिलसिला जारी रहा। ग्रामीणों में बालक द्वारा बताई गई बातों को जानने की उत्सुकता रही। प्रमोद के घर पर ग्रामीणों का आने जाने का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
प्रमोद कुमार ने बताया कि उनके पुत्र रोहित की 13 वर्ष की उम्र में वर्ष 2013 में नहर में डूबने से मौत हो गई थी। उनके इकलौते बेटे की मौत के बाद वह बेटी के सहारे ही जीवन बिता रहे थे। उनका बेटा माध्यमिक विद्यालय सलेही में पढ़ता था। आसपास के लोग भी बच्चे की पुनर्जन्म की बातें सुनकर हैरान थे। उसने जो कुछ भी बताया, ग्रामीणों के अनुसार वो सब सही है।