जिला पंचायत कुर्सी पर सपा का टूटा तिलिस्म भाजपा ने लहराया जीत का परचम

 

रिपोर्ट
प्रवीन कुमार
मैनपुरी संदेश महल समाचार

भाजपा प्रत्याशी अर्चना भदौरिया ने मैनपुरी के जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने के साथ मुलायम सिंह के संसदीय क्षेत्र में उस तिलिस्म को तोड़ दिया, जो लगातार तीन दशक से बरकरार था।समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का गढ़ कहे जाने वाले मैनपुरी के जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। यहां से भाजपा प्रत्याशी अर्चना भदौरिया जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने सपा प्रत्याशी मनोज यादव को सात मतों से मात दी है। इस जीत से भाजपाइयों में खुशी की लहर है। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए कलक्ट्रेट में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान हुआ। इस दौरान 30 में से 29 सदस्यों ने वोट डाले। एक सदस्य जेल में निरुद्ध होने के चलते मतदान नहीं कर सका। तीन बजे के बाद चुनाव परिणाम घोषित किया गया।
भाजपा की अर्चना भदौरिया को 18 वोट मिले। वहीं सपा प्रत्याशी मनोज यादव को 11 वोट मिले।अर्चना भदौरिया ने सपा के मनोज यादव को सात मतों से शिकस्त दी है। जिला पंचायत के कुल 30 सदस्यों में सपा समर्थित सदस्यों की संख्या 13 और भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या आठ है। एक सदस्य कांग्रेस का है तो वहीं आठ सदस्य निर्दलीय हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि यहां भाजपा की जीत में निर्दलीयों ने अहम भूमिका निभाई है।जिले में वर्ष 1991 से लेकर अब तक लगभग तीन दशक से जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा का ही कब्जा रहा। प्रदेश में सरकारें बदलती रहीं, लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को सपा से कोई नहीं छीन सका। लेकिन इस बार भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा कर सपा के तिलिस्म को तोड़ दिया।

error: Content is protected !!