झोलहू मेले में झूले से फिसली लड़की मौके पर मची अफरातफरी ऐसे बची जान

मोहम्मद अनस
लखीमपुर खीरी संदेश महल
निघासन क्षेत्र के रकेहटी गांव में शाम झोलहू मेले में बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मेले में झूले पर बैठी 14 साल की किशोरी के साथ ऐसी घटना हुई, जिससे उसकी जान पर बन आई। अचानक झूला चलने से वह फिसल गई। गनीमत रही कि गिरते समय उसने हाथ से झूले का एंगिल पकड़ लिया, जिससे वह लटक गई। वह मदद के लिए चीखने लगी। करीब 60 फुट की ऊंचाई पर लड़की को लटका देख लोग हैरान रह गए।
मौके पर अफरातफरी मच गई। लड़की ने हिम्मत नहीं हारी और करीब 30 सेकेंड तक एंगिल पकड़कर लटकी रही। धीरे-धीरे झूले को घुमाया गया। नीचे आने पर उसे उतारा गया। इस हादसे से लड़की बुरी तरह सहम गई। बताया गया है कि झूला संचालक का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। झगड़े के दौरान अचानक झूला चल गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद झूले को बंद करा दिया गया है।
झूला संचालक आरिफ ने बताया कि शाम करीब पांच बजे वह झूले पर लोगों को बैठा रहा था। इसी बीच सेमरा बाजार के तीन युवक आए और उसकी पिटाई करने लगे। इसी दौरान अचानक झूला बढ़ गया और एक किशोरी फिसल गई। उसने एंगिल में पकड़ लिया। आरिफ ने तुरंत झूला रोक दिया। फिर धीरे-धीरे झूले को घुमाया गया। इस दौरान लड़की एंगिल पकड़े रही, नीचे आने पर वह उतरी। घटना के संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक महेश चंद ने बताया कि मामले में तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है।

 

error: Content is protected !!