रणजीत सिंह बहराइच संदेश महल
मटेरा थाना परिसर में रविवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर थाना प्रभारी मदनलाल गौतम सहित समस्त पुलिस बल ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।थाना प्रभारी ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्षों एवं संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान के विषय में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक समय भारत में सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और जातीय विषमता जैसी कुरीतियां व्याप्त थीं। डॉ. अंबेडकर के सतत प्रयासों के कारण ही आज देश सामाजिक समानता की ओर अग्रसर है। उन्होंने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को नई दिशा प्रदान की।
इसी क्रम में, रिसिया विकास खंड के ऐलासापुर अगैया गांव में भी डॉ. अंबेडकर की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार गौतम ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान ग्राम प्रधान,भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।गांवासियों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।