दबंगों ने रातों रात काट ली गेहूं की फसल न्याय की आस में दफ्तरों के चक्कर लगा रही विधवा

 

धनंजय मिश्रा
सूरतगंज बाराबंकी संदेश महल
दबंगों ने एक विधवा के खेत में खड़ी गेहूं की फसल रातों-रात काट ली। उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। विधवा महिला ने पुलिस चौकी व थाना से लेकर राजस्व विभाग,पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी तक न्याय की गुहार लगाई। लेकिन सिर्फ निराशा ही उनके हाथ लगी। दबंगों के आगे बेबस विधवा महिला कई दिनों से न्याय की आस में दफ्तरों के चक्कर काटने को विवश हैं। जानकारी के अनुसार तहसील फतेहपुर थाना मोहम्मदपुर खाला के ग्राम हेतमापुर निवासी सायरा बानो पत्नी स्व. मोबीन की कृषि योग्य भूमि थाना मोहम्मदपुर खाला की पुलिस चौकी छेदा इलाके के ग्राम पारा में स्थित है। जिसकी गाटा संख्या 923 , 931अ और 931ब है। उस खेत पर तैयार खड़ी गेंहू की फसल दबंगों ने रातों रात मशीन के जरिए काटकर हड़प लिया। कई दिनों तक सुनवाई न होने से परेशान पीड़िता ने इसकी शिकायत सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व पुलिस महानिदेशक से की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व पुलिस महानिदेशक को दिए गए शिकायती पत्र में विधवा महिला ने कहा कि उसके काश्त काबिज की तीन खेतों को मिलाकर करीब 18 बीघा 7 बिसुवा कुल भूमि पर गेहूं की फसल पककर तैयार हो चुकी थी। तभी ग्राम रंजीतपुर निवासी विपक्षी रहीस, शहीद, नसीम पुत्रगण मो. शरीफ व तालिफ पुत्र शहीद, सोनू पुत्र रहीम 5 अज्ञात लोगों को लेकर उसके खेत पर पहुंचे। वहीं जबरन फसल काटने लगे। उस समय विधवा महिला ने जब इसका विरोध किया तो विपक्षियों ने भद्दी भद्दी गालियां देते हुए अभद्रता और मारपीट किया। सभी ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए दबंगई के बलबूते पर उसकी फसल मशीन से कटवा लिया। फसल काटकर ले जाने की शिकायत की तो आरोपियों ने उसकी जमीन पर हमेशा के लिए कब्जा करने की धमकी दी। उसने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और काटी गई फसल वापस दिलाने की मांग की है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।

अय्यूब, कयूम व कासिम पुत्रगण मो. मोबीन व विधवा सायरा बानो के नाम वरासत की जा चुकी है। अन्य कोई जायज वारिस नही है। पति के मरने के उपरान्त विपक्षीगण उसे परेशान करते चले आ रहे हैं। इस वर्ष पीड़िता ने गेंहू के फसल की बुआई कर दी। फसल बड़ी हुई तो उसे काटने खेत पहुंची, तो कुछ दबंगों ने गुंडई के बल पर उसे फसल काटने से रोक दिया और जान से मारने की धमकी देने लगे। जब पीड़िता ने पुलिस की शरण ली तब भी दबंगों ने फसल को काटने नही दिया।

error: Content is protected !!