रिपोर्ट/- अजय कुमार सिंह बाराबंकी संदेश महल
सरकारी नलकूप से सिंचाई को लेकर हुए विवाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निस्तारण करवा दिया। बाद दोनों पक्षों में हुए पथराव में सात लोग घायल हुए। घटना को लेकर पूरे गांव में पुलिस व पीएसी बल तैनात कर दिया गया है। सीओ के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस गांव में कैंप कर रही है। वहीं आरोपी गांव छोड़कर फरार है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस ने रूट मार्च भी निकाला।
गौरतलब हो कि जनपद बाराबंकी के थाना रामनगर क्षेत्र के खेतौरा गांव में एक सरकारी नलकूप लगा है। इससे सिंचाई को लेकर लंबे समय से दो पक्षों में विवाद चल रहा है। इसका निस्तारण राजस्व व पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर करा दिया था। इसके तहत एक कमेटी बना दी गई। जिसमें तीन दिन एक पक्ष व तीन दिन दूसरे पक्ष के लोगों को सिंचाई का शेड्यूल तय किया। रविवार के दिन गांव के छोटे किसानों को सिंचाई की सहमति बनी। इसी क्रम में सोमवार को गांव के दिवाकर सिंह ने अपने खेत की सिंचाई की। मगर, दूसरे पक्ष के विनोद ने पानी काट दिया।
इसको लेकर सोमवार की शाम दोनों पर कहासूनी होने लगी। इसकी भनक लगते ही विनोद के पक्ष के भीष्म,आमोद, कल्लू व दीपू तो दिवाकर सिंह की ओर से अन्नू सिंह, पंमू सिंह, मुकुल व अंकुल इकट्ठा हो गए। इसको लेकर हुए विवाद की सूचना पर रात में ही एएसपी पूर्णेंदु सिंह, सीओ डा. बीनू सिंह प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के पहुंचते ही भीड़ तितर-बितर हो गई। मामला शांत देख देर रात करीब पुलिस दो बजे वापस लौट गई।
मगर, मंगलवार की सुबह विनोद वर्मा पक्ष के लोगों ने दिवाकर सिंह आदि के घरों पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इसको लेकर पथराव हो गया।एक पक्ष से रोली,शिवानी, मंजू सिंह,तो दूसरे पक्ष से गौरव,मंगल,अजीत व विनोद घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही एसडीएम तान्या सिंह व सीओ डॉ. बीनू सिह प्रभारी निरीक्षक रामनगर बृजेश कुमार सिंह व थाना प्रभारी बदोसराय अमित मिश्रा के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए। गांव में तनाव व कानून व्यवस्था को देखते हुए एसडीएम व सीओ के नेतृत्व में पुलिस व पीएसी गांव में कैंप कर रही है। एसडीएम व सीओ के नेतृत्व में पूरे गांव में पुलिस व पीएसी ने रूटमार्च निकालकर ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
एएसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि नलकूप से पानी लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। जिसको शांत करा दिया गया था। इसके बाद एक पक्ष की ओर से दोबार पथराव करने से हुए विवाद में कुछ लोग घायल हुए है। गांव में शांति व्यवस्था बनी है।