जयप्रकाश रावत
बाराबंकी संदेश महल समाचार
देवा कोतवाली क्षेत्र के मुजफ्फरमऊ गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसमें 17 वर्षीय सरविंद यादव की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब सरविंद यादव अपने घर के पास बंधी भैंस को खोलने गया और अचानक भैंस के साथ रस्सी में फंसकर वह 200 मीटर तक घसीटता चला गया।
जानकारी के अनुसार, सरविंद यादव मंगलवार सुबह अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त था। वह भैंस को नांद तक ले जाने के लिए खूंटे से खोल रहा था। तभी अचानक भैंस भड़क गई और वह रस्सी में फंसकर सरविंद को खींचते हुए हाते से बाहर निकल गई। भैंस ने सरविंद को इतनी जोर से घसीटा कि वह करीब 200 मीटर तक सड़क तक पहुंच गया। इस दौरान सरविंद की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल सरविंद को तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे।
स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के राममनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही सरविंद की मृत्यु हो गई। डॉक्टरों के अनुसार
ूअत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उसकी जान चली गई।हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही सपा के पूर्व एमएलसी राजेश यादव राजू ने अस्पताल पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढाढस बंधाया।यह हादसा न केवल सरविंद के परिवार के लिए एक बड़ा आघात है, बल्कि पूरे गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुर्घटना ने यह भी साबित किया है कि हमें सुरक्षा उपायों को लेकर और अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।