विवाहिता का मिला शव मुंह में ठूंसा था कपड़ा

सूर्य प्रकाश मिश्र
सीतापुर संदेश महल समाचार

एक विवाहिता की हत्या कर दी गई। उसका शव घर के अंदर कमरे में पड़ा मिला। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा है। मृतका के भाई ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी अनुसार गांव फत्तेपुरवा मजरा कंजीखेड़ा निवासी सावन कुमार ने बताया कि उसने 12 वर्ष पहले अपनी बहन रेखा देवी (35) की शादी लालपुर निवासी विजय कुमार के साथ की थी। शादी के दौरान उसने दान-दहेज भी दिया था। शादी के बाद अक्सर विजय रेखा को मारता-पीटता था। गुरुवार को जानकारी मिली कि उसकी बहन की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचकर सावन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। एसओ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोला तो तख्त के नीचे पेट के बल रेखा का शव पड़ा हुआ था। मुंह में कपड़ा ठूंसा था।
रेखा की मां के मुताबिक उसके चेहरे व गले पर चोटों के निशान भी मिले हैं। परिजनों ने पति पर पीट-पीटकर रेखा को मार डालने का आरोप लगाया है। सूचना पर सीओ महमूदाबाद रवि शंकर प्रसाद भी पहुंच गए। उन्होंने ससुरालीजनों से भी पूछताछ की। रेखा के एक पुत्र विनय व एक पुत्री विनीता है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक अजय रावत ने बताया कि पति पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

error: Content is protected !!