संदना में झाड़फूंक करने वाले बुजुर्ग की फावडे़ से काटकर हत्या

 

रिपोर्ट/- सूर्य प्रकाश मिश्र
सीतापुर संदेश महल समाचार

झोपड़ी डालकर रह रहे एक बुजुर्ग की फावडे़ से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई।शव झोपड़ी के पास पड़ा मिला।सिर पर फावडे़ की चोट का निशान था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी आरपी सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। एसपी ने जल्द ही वारदात के खुलासे के निर्देश दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार थाना संदना क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी सुरेश कुमार त्रिपाठी (75) क्षेत्र के नहर कोठी के पास एक झोपड़ी डालकर रहता था। पास में एक मजार थी, जिस पर पूजा-पाठ करता था। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि बुजुर्ग झाड़फूंक भी करता था। वह लोगों को ताबीज आदि बनाकर देता था। इसी के साथ वह वन विभाग की बनी फुलवारी और मजार की भी सुरक्षा रात में करता था।
देर रात बुजुर्ग की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी और शव को फेंककर फरार हो गए। सुबह लोग उससे झाड़फूंक कराने के लिए पहुंचे तो देखा की उसका रक्त रंजित शव पड़ा हुआ था। पास मेें ही फावड़ा पड़ा था। पुलिस ने मौके से आला कत्ल फावड़ा भी बरामद कर लिया है।
सूचना पाकर एसपी आरपी सिंह, एएसपी नार्थ एनपी सिंह, सीओ मिश्रिख सुशील कुमार यादव भी मौके पर पहुंच गए। कप्तान ने मामले की जांच पड़ताल कर वारदात के जल्द खुलासे के आदेश दिए हैं। इस बारे में एसओ संदना फतेह सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुत्र की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।फावड़े के सिर्फ एक वार से ही वृद्ध की मौत हो गई। सिर पर सिर्फ एक ही बार फावड़े से वार किया गया है। उन्होंने बताया कि हो सकता है कि उनके किसी नजदीकी व्यक्ति ने गुस्से में आकर अचानक ऐेसा कदम उठाया हो। प्रहार तेज होने के कारण वृद्ध की मौत हो गई हो।
परिजनों के मुताबिक, वृद्ध करीब 40 साल से उसी झोपड़ी में रहता था। अपना खाना भी वह खुद बनाता था। परिजन कभी-कभी उससे मिलने चले जाते थे। उसके तीन बेटे हैं। पुलिस के अनुसार मृतक के नाम पर 10 बीघा जमीन भी है, लेकिन यहां रहने के बाद वह कभी भी अपने घर नहीं गया।खुलासे के लिए चार टीमों के अलावा सर्विलांस और स्वाट टीमों को लगाया गया है। परिजनों से भी पूछताछ की गई है। केस दर्ज कर लिया गया है।

error: Content is protected !!