रिपोर्ट–घनश्याम तिवारी
संतकबीरनगर,संदेश महल समाचार
महुली थाना क्षेत्र के ग्राम छितही में गड़ही की भूमि पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने के खिलाफ दोनो पक्ष एक सुर नजर आया। ग्राम प्रधान ने जहां तहसील दिवस में अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग किया, वहीं पूर्व प्रधान और उनके समर्थकों ने उक्त अवैध कब्जाधारकों को हटाने के लिए समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर अपनी मांगों को लेकर तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन भी किया।
ग्राम छितही के ग्राम प्रधान अलीमुलकदर उर्फ ढिलढिल ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को एक प्रार्थना पत्र सौंपा। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत का गाटा संख्या 614ग जोकि अभिलेख में गड़ही के रूप में दर्ज में दबंग, सर्कस और मनबढ़ किस्म के लोगों ने अवैध अतिक्रमण कर लिया है। जिससे गांव में जल निकासी की समस्या बढ़ गई है। ग्राम प्रधान ने अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग किया। उधर गांव के विपक्षी खेमे ने पूर्व प्रधान दिलदार हुसैन और निसार अहमद के नेतृत्व दर्जनों ग्रामीणों के साथ समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र सौंपा। विपक्षी खेमे द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि गांव के आराजी नंबर 619 व 614ग जो की भू अभिलेखों में गड़ही दर्ज है पर गांव के कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। जिससे गांव में जल निकासी की समस्या बढ़ गई है। ग्रामीणों ने अवैध कब्जा हटाने की मांग को लेकर तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन भी किया। गांव में दोनो पक्षों की तरफ से जनहित के मुद्दे को लेकर पुलिस और प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। दोनो पक्षों के किसी मुद्दे पर एक जुट होने की सूचना पर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं जोरों पर है। सम्पूर्ण समाधान दिवस प्रभारी ने उक्त मामले में जांच करके अवैध अतिक्रमणकारियों के खिलाफ केस दर्ज करा कर उनके अवैध कब्जे को हटाने का निर्देश दिया है।