मैनपुरी- मंगलवार को अब तक की सबसे कड़ाके की सर्दी का सामना लोगों ने किया। जनपद का तापमान न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कड़ाके की सर्दी से परेशान जनजीवन के सामने कोहरे ने भी मुश्किलें बढ़ाईं। पूरे दिन सूरज नहीं निकले। आसमान में कोहरे की चादर छायी रही। कोहरे के कोहराम से सड़कों पर यातायात ठप पड़ गया है। वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे हैं। दिनचर्या देर से शुरू होकर जल्दी खत्म हो रही है।
मंगलवार की सुबह से ही घना कोहरा छा गया। कोहरा इस कदर था कि सड़क पर दस मीटर दूरी का भी नहीं दिख रहा था। जनपद के विभिन्न मार्गों पर घने कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार थमी नजर आयी। कुरावली से नवीगंज के बीच सिक्सलेन पर जगह-जगह होटलों, ढाबों पर वाहन खड़े दिखे। चालक-परिचालक भी कोहरा कम होने का इंतजार करते नजर आए। सड़कों पर स्थानीय लोग भी कम दिखाई पड़ रहे थे। नगर के रोडवेज बस स्टैंड पर भी सवारियों का टोटा दिखा। ज्यादातर गाड़ियां खाली आवागमन करती नजर आयीं। वहीं लोग भी घर से निकलकर अलाव के सामने बैठकर हाथ सेंकते नजर आए।