सीतापुर संदेश महल
जनपद के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र से रविवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। बस्तीपुरवा गांव निवासी नवविवाहित दंपति के शव महामाई मंदिर के पास स्थित जंगल में पेड़ से लटके मिले।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।मृतकों की पहचान खुशीराम और उसकी पत्नी मोहिनी के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों ने छह दिसंबर को महामाई मंदिर में प्रेम विवाह किया था। हैरानी की बात यह है कि जिस मंदिर परिसर में दोनों ने विवाह के बंधन में बंधकर नया जीवन शुरू किया था, उसी स्थान पर उन्होंने अपने जीवन का अंत कर लिया।
रविवार सुबह जब श्रद्धालु मंदिर में पूजा अर्चना के लिए पहुंचे, तो पास ही एक पुराने पेड़ से पति-पत्नी के शव लटके देखे गए। यह दृश्य देखते ही मंदिर परिसर में अफरा तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर पुलिस को भी घटना से अवगत कराया गया।ग्रामीणों के अनुसार विवाह के बाद दोनों खुशीराम के घर पर रह रहे थे और सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे थे। किसी प्रकार के विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी। ऐसे में अचानक दोनों का घर से निकलकर मंदिर परिसर में पहुंचना और आत्मघाती कदम उठाना लोगों के लिए समझ से परे है।सूचना पर हरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक बलवंत शाही ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मानसिक दबाव, पारिवारिक तनाव या किसी अन्य कारण की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।