रिपोर्ट
हिमांशु यादव
मैनपुरी संदेश महल समाचार
- जनपद मैनपुरी में सपा मुखिया अखिलेश यादव की संपत्ति में बीते पांच साल में करीब 82 लाख की बढ़ोतरी हुई है। इस अवधि में अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव ने कोई गहना आदि भी नहीं खरीदा। पांच साल पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कोई मुकदमा नहीं था। हालांकि बीते साल लखनऊ के थाना गौतमपल्ली में एक मुकदमा दर्ज हुआ था। मैनपुरी जिले की करहल सीट से अखिलेश यादव ने नामांकन के साथ दिए अपने शपथपत्र में अपनी चल संपत्ति 8.43 करोड़ रुपये दर्शाई है। जबकि पांच साल पहले आजमगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए दिए शपथ पत्र में उनकी चल संपत्ति 7.90 करोड़ रुपये थी। इसी तरह पांच साल पहले डिंपल यादव की चल संपत्ति 3.67 करोड़ रुपये थी। तो अब बढ़कर 4.76 करोड़ रुपये हो गई है। अचल संपत्ति की बात करें तो पांच साल पहले अखिलेश यादव के पास 16.90 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति थी, जो अब बढ़कर 17.22 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई है। इसी तरह डिंपल यादव यादव की अचल संपत्ति 9.30 करोड़ से बढ़कर 9.61 करोड़ हो गई है। कर्ज की बात करें तो डिंपल यादव पर पांच साल पहले 14.26 का कर्ज था, अब भी उतना ही कर्ज है। जबकि अखिलेश यादव की कर्ज राशि 14.26 लाख से बढ़कर 28.97 लाख रुपये हो गई है। पांच साल पहले डिंपल यादव के पास 2774 ग्राम सोना, 203 ग्राम मोती और 127 कैरेट हीरे थे। बीते पांच साल में उनके आभूषणों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। अखिलेश यादव के पास पांच साल पहले भी कोई आभूषण नहीं था। और अब भी कोई आभूषण नहीं है। शपथ पत्र में दोनों के पास कोई वाहन भी नहीं दर्शाया गया है।