सूर्य प्रकाश मिश्र
सीतापुर संदेश महल समाचार
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष महेंद्र सिंह वर्मा का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया।
सूचना मिलने पर शोक की लहर फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार महमूदाबाद से कई बार विधायक रहे पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा उनके छोटे भाई हैं।लीवर में कैंसर होने के कारण पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे। दिल्ली के मेदांता अस्पताल में 13 मार्च को उनका लीवर ट्रांसप्लांट होना था। इसकी सभी तैयारियां पूरी हो गई थीं। इस बीच 12 मार्च की सुबह उनके अचानक निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया। निधन की सूचना आने के बाद शोक की लहर दौड़ गई। उनके परिचित शोक संवेदना व्यक्त करने आवास पर पोखरा कला गांव पहुंचे।
राजनीतिक दबदबा
महेंद्र सिंह वर्मा वर्ष 2000 से 2005 तक सीतापुर जिला पंचायत के अध्यक्ष रहे। जिले की राजनीति में उनका लंबे समय तक दबदबा रहा। एक बार उन्हें पार्टी ने प्रत्याशी नहीं बनाया तो अधिकृत प्रत्याशी के विरोध में जाकर अजय भार्गव को जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जिताकर जिले की राजनीति में अपनी पकड़ दिखाकर राजनीतिक पंडितों को चौंका दिया था।
महेंद्र सिंह वर्मा समाजवादी पार्टी की सरकार में पशुधन विकास परिषद के अध्यक्ष भी रहे। समाजवादी पार्टी के टिकट पर वह लोकसभा सदस्य का चुनाव भी लड़े थे। इस चुनाव में वह बसपा प्रत्याशी कैसर जहां से पराजित हो गए थे। वह कई शिक्षण संस्थाओं के प्रबंधक भी थे।
महेंद्र सिंह वर्मा के परिवार में तीन बेटियों कोपल, प्रियंका, नूपुर की शादी हो चुकी है। प्रिया, रिमझिम व बेटा उत्कर्ष वर्मा अभी अविवाहित हैं।
अंतिम संस्कार
पोखरा कला गांव में पैतृक भूमि पर उनका अंतिम संस्कार शाम को होगा। पुत्र उत्कर्ष वर्मा उन्हें मुखाग्नि देंगे।