रिपोर्ट/- संदीप तिवारी वाराणसी संदेश महल समाचार
दानगंज क्षेत्र में हुई एक ऐसा विवाह जो चर्चा का विषय बना हुआ है। युवती के सात फेरों से पहले कुछ ऐसा हुआ कि तय रिश्ते ही बदल गए। और दुल्हन की विदाई अन्य एक युवक के साथ हुई।
बताते चलें कि वाराणसी के दानगंज क्षेत्र में हुई एक शादी की काफी चर्चा हो रही है। गांव निवासी एक युवती की शादी मिर्जापुर के रहने वाले युवक से तय हुई थी। लेकिन सात फेरों से पहले कुछ ऐसा हुआ कि तय रिश्ते ही बदल गए। दरअसल, दूल्हा शराब के नशे में धुत होकर ब्याह रचाने पहुंचा था। युवक की इस करतूत से दुल्हन काफी नाराज हो गई और उसने शादी से इंकार कर दिया। बरात को बैरंग वापस होना पड़ा। अगले दिन, परिजनों ने ‘चट मंगनी पट ब्याह’ की कहावत को चरितार्थ किया। धूमधाम से शादी के बाद दूसरे दूल्हे संग परिजनों ने बेटी को रवाना किया तो खुशी की लहर दौड़ पड़ी। दुल्हन की हिम्मत और निर्णय की लोग सराहना कर रहे है। युवती के इस फैसले का परिजनों सहित ग्रामीणों ने समर्थन किया है। ग्रामीणों में इस बात की चर्चा रही कि जिस मंडप से बेटी ने बरात को वापस कराया उसी मंडप से दुल्हन बनकर विदा हुई।
मामला कुछ इस तरह से हुआ कि चोलापुर थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में गुरुवार रात मिर्जापुर से बरात आई थी। द्वार पूजा के लिए जैसे ही बरात तैयार होने लगी और रथ पर दूल्हा सवार हुआ तो वह कई बार लड़खड़ाकर गिर गया। घरातियों को दूल्हे के मुंह से शराब की गंध आई तो ऐसे में दुल्हन तक बात पहुंच गई। स्टेज पर वरमाला लेकर दुल्हन पहुंची तब पर भी दूल्हा अपने वश में नहीं था। दूल्हे की हरकतों को देख दुल्हन ने उसे खूब खरी-खोटी सुनाई और शादी से इंकार कर दिया। अपने पिता से दुल्हन ने कहा कि शराबी युवक के साथ पूरी जिंदगी नहीं गुजार सकती। बेटी के इस फैसले पर पिता को भी गर्व हुआ और फिर शादी से इंकार कर दिया गया। बरातियों और घरातियों में इसे लेकर विवाद शुरू हो गया। तब तक दानगंज चौकी की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर हटाया।
लड़की अंतिम तक अपनी जिद पर अड़ी रही कि शराबी से शादी नहीं करेगी। घंटों चली पंचायत और मान मनौव्वल के बाद भी बात नहीं बनी। अंततः दुल्हन के फैसले को परिजन समेत सभी रिश्तेदारों को मानना पड़ा और बरात को शर्मिंदा होकर वापस मिर्जापुर लौटना पड़ा। बरात लौटने के बाद बेटी को दुल्हन के रूप में उसी मंडप से विदा करने पर पिता और परिवार के लोग अड़ गए। बरात लौटने की सूचना पर कई लोगों ने रिश्ते को लेकर हाथ बढ़ाया। सिंधोरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से शादी के लिए लोग राजी हुए। इसके बाद धूमधाम से बरात आई और रीति रिवाज के तहत शादी संपन्न हुई।