ठाकुर प्रसाद पिसावां (सीतापुर) संदेश महल समाचार
थाना क्षेत्र के खजुन्ना गांव में देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक किसान की फरसे से हमला कर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल किसान ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, खजुन्ना गांव निवासी सुरेश कुमार (52) रविवार रात अपने बेटे पवनेश कुमार के साथ घर में सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी कन्हैया लाल घर में घुस आया और फरसे से सुरेश कुमार पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। शोर सुनकर पवनेश की नींद खुली तो उसने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया और उसके हाथ से फरसा छीन लिया। आरोप है कि बाहर मौजूद उसके साथी आरोपी को छुड़ाकर फरार हो गए, जबकि फरसा घटनास्थल पर ही छूट गया।
परिजन घायल सुरेश कुमार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मृतक के बेटे पवनेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब एक वर्ष पहले भी आरोपियों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की थी, जिसका मुकदमा दर्ज कराया गया था। उसी मामले में समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। समझौता न करने पर पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पवनेश ने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। उसके छोटे भाई प्रवीण कुमार और प्रशांत कुमार हैं। परिवार खेती-किसानी कर जीवनयापन करता है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी सुनीत कुमार ने बताया कि पहले मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घायल की इलाज के दौरान मृत्यु होने के बाद मुकदमे में हत्या की संबंधित धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
