अलीगढ़ पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, हनुमंत कथा में लिया हिस्सा

अलीगढ़ संदेश महल समाचार

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अलीगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और ‘सेवा संकल्प अभियान माह’ के तहत आयोजित श्री हनुमंत चरित्र कथा कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन कोल विधायक अनिल पाराशर और उनके परिवार की ओर से किया गया।
कथा के समापन अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, पार्षदों और क्षेत्रीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों के माध्यम से इन विचारों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण की दिशा में मार्गदर्शन करते हैं।

सरकारी योजनाओं का किया उल्लेख

उपमुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य सेवाओं और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की दिशा में कार्य जारी है।अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय रहा है।
श्री हनुमंत चरित्र कथा को आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम के दौरान पाराशर परिवार की ओर से उपमुख्यमंत्री को श्री हनुमान जी की प्रतिमा और गदा भेंट की गई।