संतकबीरनगर संदेश महल
जिले के दक्षिणांचल में भाजपा नेतृत्व के निर्देश पर सोमवार को धनघटा नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि एवं पूर्व विधान सभा प्रत्याशी नीलमणि के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक रही। पौली ब्लॉक क्षेत्र तिरंगा से लैस हजारों युवाओं के भारत माता के जयघोष के नारे से गुंजायमान हो उठा।
भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पूरे देश में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जगह जगह तिरंगा यात्रा निकालने का निर्देश दिया था। सोमवार को धनघटा विधान सभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं पार्टी के दिग्गज नेता नीलमणि के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा प्रस्तावित थी। भाजपा नेता नीलमणि के आह्वान पर सुबह से ही पौली कस्बे में युवाओं की भारी भीड़ इकट्ठा होने लगी। देखते ही देखते हजारों युवाओं की जमा हुई भीड़ के चलते राम जानकी मार्ग अवरूद्ध होने लगा। बाद में नीलमणि के नेतृत्व में तिरंगे से लैस युवाओं का हुजूम अपने चहेते नेता के नेतृत्व में पौली से दुल्हापार की तरफ रवाना हुआ। भारत माता के जयकारे से समूचा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। पत्रकारों से वार्ता के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता नीलमणि ने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत से देश को आजादी दिलाने के लिए देश के सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दिया था। लाखों कुर्बानियों और अनवरत संघर्षों की बदौलत मिली इस आजादी को संवारना और संजोना हर भारतीय की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को आजादी के पीछे छिपी कुर्बानियों और संघर्षों से अवगत कराने के लिए ही ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। भाजपा नेता नीलमणि ने युवाओं का आह्वान किया कि भारत के प्राचीन गौरवशाली इतिहास को कायम रखने के अमर शहीदों के जज्बात को आत्मसात करके ही तिरंगे का सम्मान बरकरार रखने में अपना योगदान दें। इस दौरान मंडल अध्यक्ष अरविंद सिंह, उमेश सिंह भुनेशमणि त्रिपाठी,अभिनव साहनी, सौरभ शुक्ला,अनुभव शुक्ला, राजेश चतुर्वेदी, अटल पांडे, कुलदीप मणि मिश्रा, पवन पांडे, पुनीत सिंह, धनंजय सिंह सहित हजारों युवा मौजूद रहे।