जीरियाटिक वार्ड में लगी आग,दो बेड जले, स्टाफ रहा बेखबर

 

जेपी रावत
मैनपुरी संदेश महल समाचार

मैनपुरी के जिला अस्पताल स्थित जीरियाटिक वार्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से वार्ड के दो बेड पूरी तरह से जल गए। अन्य सामान भी जला है। हैरत की बात यह है कि आग लगने की जानकारी अस्पताल प्रशासन को रात में नहीं हो सकी। अगर यह आग फैलती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
बताते चलें कि जिला अस्पताल में ब्लड बैंक के सामने जीरियाटिक वार्ड की स्थापना की गई है। इस वार्ड में सीनियर सिटीजन भर्ती किए जाते हैं, लेकिन कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए हाल ही में इस वार्ड का प्रयोग कोविड-19 टीकाकरण के लिए किया जा रहा है। इस वार्ड में 10 बेड पड़े हुए हैं।
रात को एक बेड के ऊपर लगे हुए पंखे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई और पंखा बेड पर आ गिरा। जिससे बेड में आग लग गई। एक बेड की आग ने दूसरे बेड को चपेट में ले लिया। उस पंक्ति में दो ही बेड थे, दूसरी पंक्ति के बेड में वहां से दूरी थी। आग रात में कितने बजे लगी इसकी जानकारी नहीं हो सकी। सुबह जब सफाई कर्मचारी ने सफाई व्यवस्था के लिए बार्ड को खोला तो आग लगने का पता चल सका। आग लगने से दो बेड पूरी तरह से जल गए।
जीरियाटिक वार्ड की दीवार से ही सटा हुआ बर्न वार्ड है।बर्न वार्ड में चार मरीज भर्ती थी।आग फैल नहीं सकी। नहीं तो बर्न वार्ड के मरीजों की जान को खतरा हो सकता था। बर्न वार्ड के पास ही दो बड़े जनरेटर भी रखे हुए हैं। यदि आग उन जनरेटर तक पहुंचती तो पूरा हॉस्पिटल ही आग की चपेट में आ सकता था।
जीरियाटिक वार्ड के ठीक सामने ब्लड बैंक स्थिति है। यदि आग ब्लड बैंक तक पहुंचती तो जिले के कई लोगों की जिंदगी खतरे में पड़ सकती थी। ब्लड बैंक जिले की एक मात्र बैंक है जहां ब्लड की व्यवस्था है। जीरियाटिक वार्ड में दो बेड पूरी तरह से जल गए। वार्ड में अन्य सामान भी जला, लेकिन हैरत की बात है कि अस्पताल प्रशासन को आग की जानकारी तक नहीं हो सकी।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से जीरियाटिक वार्ड में आग लगी थी। जिससे दो बेड जल गए। कोई बड़ा हादसा नहीं हो सका। उस समय वार्ड में कोई मरीज भर्ती नहीं था। लाइन को लाइनमैन बुलाकर ठीक करा दिया गया है। जला हुआ सामान बाहर कर दिया गया है।

error: Content is protected !!