रिपोर्ट
जेपी रावत
मैनपुरी संदेश महल समाचार
कोरोना संक्रमण से पिछले 24 घंटे में चुनाव ड्यूटी करने वाले एक शिक्षक सहित 10 लोगों की मौत हो गई। पांच लोगों की मौत कोविड अस्पताल में हुई, तीन मरीजों ने आगरा के अस्पतालों में दम तोड़ा है। एक मरीज ने सैफई मेडिकल कॉलेज में अंतिम सांस ली तो वहीं ज्योंती निवासी एक महिला मरीज की होम आइसोलेशन में मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 144 पहुुंच गई है।
कुसमरा क्षेत्र के गांव इलाबांस निवासी रामशरन यादव के 32 वर्षीय पुत्र रिंकू यादव की प्राथमिक विद्यालय नगला बल सिंह में शिक्षक के रूप में तैनाती थी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान 19 अप्रैल को उसने घिरोर विकास खंड में ड्यूटी की थी। ड्यूटी पर लौटने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे आगरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान वे कोरोना संक्रमित पाए गए। उनकी आगरा में ही मौत हो गई।
जिला अस्पताल में संचालित कोविड लेवल टू अस्पताल में भर्ती नगला जुला निवासी 55 वर्षीय शिव प्रताप सिंह, टिकसुरी एलाऊ निवासी 62 वर्षीय ब्रजेश तिवारी, महाराज नगर मैनपुरी निवासी 45 वर्षीय रमेश चंद्रा, शहर के मोहल्ला खरगजीत नगर निवासी 55 वर्षीय रामा त्रिपाठी, शहर के आगरा रोड निवासी 53 वर्षीय सुघर सिंह की शुक्रवार की सुबह मौत हो गई।
किशनी के गांव फरैंजी निवासी 45 वर्षीय रमन कुमार कोरोना संक्रमित होने पर सैफई में उपचार ले रहे थे।उनकी उपचार के दौरान सैफई मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। किशनी के ही कुम्हौल निवासी 55 वर्षीय लालबहादुर कोरोना संक्रमित थे। जिनका इलाज इटावा के एक अस्पताल में चल रहा था। उन्हें आगरा रैफर किया गया शुक्रवार को आगरा जाते समय रास्ते मे उनकी भी मौत हो गई। ज्योंती निवासी 82 वर्षीय सरस्वती देवी चार दिन पूर्व कोरोना संक्रमित पाई गई थीं।
उन्हें होम आइसोलेट किया गया था। शुक्रवार को उनकी घर पर ही मौत हो गई। दन्नाहार क्षेत्र के गांव नगला आशा निवासी 26 वर्षीय बलराम मैजिक वाहन रखता है। चुनाव में उसका वाहन अधिकृत किया गया था। चुनाव से लौटने के बाद वह बीमार पड़ गया। परिजनों ने उसे आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया यहां जांच के दौरान वह कोरोना संक्रमित मिला। शुक्रवार को उसकी पारस हॉस्पिटल आगरा में मौत हो गई।