ब्लॉक प्रमुखी चुनाव बिगुल बजते ही टिकट का संग्राम शुरू आठ को होगा नामांकन

 

रिपोर्ट
सूर्य प्रकाश मिश्र
सीतापुर संदेश महल समाचार

ब्लॉक प्रमुखी चुनाव का बिगुल बजते ही भाजपा में टिकट बंटवारे का संग्राम शुरू हो गया है। 19 ब्लॉक प्रमुख की सीटों पर एक से लेकर तीन तक दावेदार सामने आ रहे हैं। कोई सांसद से सिफारिश करा रहा है तो कोई अपने क्षेत्र के विधायक से मनुहार कर रहा है। इसी प्रतिस्पर्धा के चलते भाजपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। भाजपा की सूची जल्द आने की उम्मीद है।
सपा ने जिले के मजबूत गढ़ महमूदाबाद में तीन प्रत्याशियों का ऐलान करके टिकट बंटवारे में बाजी मार ली है। बसपा ने पहले से ही ब्लॉक प्रमुख के चुनाव से किनारा कर लिया है। कांग्रेस भी ठंडे बस्ते में है। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के बाद अब ब्लॉक प्रमुखों की बारी है। एक दिन पहले चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा में टिकट बंटवारे का घमासान मच गया है।
भाजपा सभी 19 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसी वजह से यहां पर टिकट पाने वालों की लंबी वेटिंग चल रही है। सपाकई सीटों पर दमदारी से चुनाव लड़ेगी। महमूदाबाद इलाके में विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा की सबसे मजबूत पकड़ मानी जाती है। इसी वजह से सपा से सबसे पहले यहां पर तीन टिकटों का एलान कर दिया है।
बाकी सीटों पर मंथन चल रहा है। अगर भाजपा की बात की जाए तो बिसवां में गणित थोड़ा बिगड़ता दिख रहा है। हालांकि, तस्वीर साफ होने में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। पार्टी ज्वाइन करने वाले एक नेता अपनी पत्नी के टिकट के लिए लगे हैं। इसी प्रकार खैराबाद ब्लॉक में भी कई दावेदार सामने आए हैं। जिनमें पूर्व ब्लॉक प्रमुख व पार्टी प्रमुख के एक खास टिकट के लिए आजमाइश कर रहे हैं।
रामपुर मथुरा, रेउसा, ऐलिया, मिश्रिख, सकरन, महोली, पिसावां में सांसद व विधायक अपने-अपने चहेतों को टिकट दिलवाने के लिए भरसक प्रयास कर रहे हैं। कोई सांसद की नजदीकी का फायदा उठाना चाहता है तो कोई विधायक की सिफारिश से टिकट पाना चाहता है। भाजपा ने अधिकारिक तौर पर कोई टिकट फाइनल नहीं किया है। भाजपा में सीतापुर से लेकर लखनऊ तक टिकट बंटवारे का मंथन का दौर चल रहा है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सपा अब भाजपा के टिकट आने के बाद ही अपने प्रत्याशी घोषित करेगी। सपा यह देखना चाहती है कि अगर किसी को भाजपा में टिकट नहीं मिल सका तो उसकी नाराजगी को देखते हुए अपने पाले में लाया जाए। टिकट बंटवारे के बाद भाजपा में घमासान होना तय है। अगर कहीं सांसद की चलेगी तो कहीं विधायक की। इससे सांसद व विधायक के रसूख का भी पता चल सकेगा।
सपा ने तीन सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, जिनमें रामपुर मथुरा ब्लॉक से भावना मौर्य, पहला से अजय यादव व महमूदाबाद से मुकेश वर्मा को टिकट दिया गया है। बाकी सीटों पर बुधवार को प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे। सपा सभी सीटों पर दमदार तरीके से चुनाव लड़ेगी।
ब्लॉक प्रमुख के टिकट बंटवारे को लेकर मंथन चल रहा है। आठ जुलाई को नामांकन होने हैं। देर रात प्रत्याशी के नामों की घोषणा कर टिकट फाइनल किए जा सकते हैं।