अलग-अलग क्षेत्रों में युवती समेत तीन की हत्या जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट
हिमांशु यादव
मैनपुरी संदेश महल समाचार

जनपद मैनपुरी जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में युवती और दो किसानों की हत्या कर दी गई। एक किसान को नामजद हमलावरों ने गोली मारी है। दूसरे का शव भोगांव क्षेत्र में पड़ा मिला है। युवती का शव थाना औंछा क्षेत्र में पड़ा मिला है।
मैनपुरी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में तीन हत्याएं हुई हैं। मृतकों में एक युवती भी है। उसका शव थाना औंछा क्षेत्र के घिरोर-कुरावली मार्ग पर गांव मानपुर के पास से गुजरे बम्बे में मिला है। युवती की हत्या कर शव को फेंका गया है। मृतका की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। पुलिस जांच में जुटी है।
दूसरी वारदात थाना घिरोर क्षेत्र के गांव ओय में हुई। यहां बुधवार रात गांव के ही नामजद लोगों ने किसान को गोली मार दी। घायल किसान ने उपचार के दौरान ले जाते समय दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के भाई उपेंद्र ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह अपने भाई भूपेंद्र और गांव के मुनेश के साथ खेतों पर शौच करने के लिए गया था। तभी वहां पहले से मौजूद गांव के ही मनीष और मानवेंद्र, राजकुमार व अशोक उर्फ रिंकू ने देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से भूपेंद्र घायल हो गया। परिजन घायल भूपेंद्र को फिरोजाबाद लेकर जा रहे थे, रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। घटना के पीछे पुराना झगड़ा बताया गया है। मृतक के भाई का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व भूपेंद्र से शराब पीने को लेकर झगड़ा हुआ था। उसी बात की रंजिश में नामजदों ने हत्या की है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर चारों नामजदों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
*भोगांव में कूड़े के ढेर में मिला शव*
तीसरी घटना भोगांव थाना क्षेत्र में हुई। छाछा गांव में किसान की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। बुधवार की सुबह गांव के पास ही पुलिया के नीचे शव कूड़े के ढेर में किसान का शव मिला। मृतक की पहचान 52 वर्षीय प्रमोद कुमार जाटव के रूप में हुई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कूड़े के ढेर से निकलकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्या क्यों और किसने की अभी इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों की ओर से पुलिस को अभी तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस जांच में जुटी है।