संदेश महल, सीतापुर।
कोतवाली देहात क्षेत्र की शाहमहोली चौकी अंतर्गत एक मंदिर में अधेड़ पुजारी पर हुए हमले का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में एक नागा साधु को फरसे से पुजारी पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। हालांकि संदेश महल वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
घटना शाहमहोली गांव की बताई जा रही है, जहां मंदिर में मौजूद पुजारी शैलेश सिंह पर एक साधु ने कथित रूप से फरसे से ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में शैलेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घायल पुजारी की पहचान उल्जापुर निवासी शैलेश सिंह (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले से पहले पुजारी और साधु के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। उसी दौरान अचानक साधु ने कुल्हाड़ी (फरसे) से हमला कर दिया। चिंताजनक बात यह है कि यह मंदिर शाहमहोली चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है, लेकिन घटना के दौरान पुलिस को कोई जानकारी नहीं थी। इससे स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
सूत्रों की मानें, तो यह वारदात दो दिन पुरानी है, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तब लगी जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
कोतवाली देहात प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी नागा साधु की गिरफ्तारी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।