भूमाफियाओं की सक्रियता नवागत थानाध्यक्ष के लिए बनेगी कड़ी चुनौती

संतकबीरनगर संदेश महल
महुली थाना क्षेत्र में भूमाफियाओं की सक्रिय गिरोहबंदी लगातार चुनौती का सबब बनती जा रही है। आए दिन जमीनी विवादों को लेकर क्षेत्र में मारपीट और खूनी संघर्ष की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन घटनाओं के पीछे पुलिस की निष्क्रियता और भूमाफियाओं से कथित सांठगांठ को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, जिसके चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आमजन भयभीत।
जानकारी के मुताबिक, महुली मुख्य चौराहे से लेकर दक्षिण चौराहे तक एक दर्जन से अधिक भूमाफियाओं के सक्रिय गिरोह खुलेआम चाय की दुकानों पर बैठक कर विवादित जमीनों की सौदेबाजी करते हैं। ये गिरोह औने-पौने दामों पर जमीन रजिस्ट्री कराकर भोली-भाली जनता को छलने का काम कर रहे हैं।
महादेवा गांव में हाल ही में जमीनी विवाद को लेकर हुआ खूनी संघर्ष इस गिरोहबंदी की ताजा मिसाल है। बीते तीन महीनों में आधा दर्जन से अधिक जानलेवा हमले और मारपीट की घटनाएं क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है।
स्थानीय लोगों का पुलिस पर से विश्वास लगातार डगमगाता जा रहा है। वहीं, हाल ही में महुली थाने का कार्यभार संभालने वाले नवागत थानाध्यक्ष रजनीश राय के लिए यह चुनौती बेहद कठिन साबित हो सकती है। अब देखना यह है कि वह इन भूमाफियाओं के विरुद्ध कितनी प्रभावी कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल कर पाते हैं। इसका फैसला आने वाला वक्त करेगा।

error: Content is protected !!