पिसावां (सीतापुर), संदेश महल।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विकासखंड महोली के ग्राम पंचायत रमुआपुर में “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष अभियान के तहत क्षेत्र भर में हज़ारों पौधे लगाए गए, वहीं रमुआपुर के पांच हेक्टेयर जंगल क्षेत्र में अकेले 21,200 पौधों का रोपण किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम महोली देवेंद्र कुमार मिश्र द्वारा महुआ का पौधा लगाकर किया गया। उन्होंने इस अवसर पर कहा, प्रकृति हमारी सबसे बड़ी धरोहर है। हमें इसे सुरक्षित और संरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना होगा। यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।विधायक प्रतिनिध संजीव मिश्र ने चितवन का पौध रोपित करते हुए कहा कि, बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने में पौधे लगाना बेहद आवश्यक है।थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर ने पाकड़ का पौधा रोपते हुए कहा कि,प्रकृति और मां, दोनों का हमारे जीवन में विशेष स्थान है। इसीलिए इस बार पौधरोपण को मातृ समर्पण से जोड़ा गया है।वन रेंजर कल्पेश्वर नाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।डिप्टी रेंजर राहुल यादव ने मानव और प्रकृति के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करते हुए कहा कि, अपने स्वार्थ में हमने पर्यावरण का जो दोहन किया है, उसकी भरपाई वृक्षारोपण और संरक्षण के माध्यम से ही संभव है।इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मिथलेश यादव, वन दरोगा विनीत सक्सेना, ग्राम प्रधान प्रतिनिध पप्पू सिंह, देवेंद्र अर्कवंशी, फिरोज खां, सुशील वर्मा, संजय अर्कवंशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, स्वयंसेवी और स्कूली बच्चे भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रतीकात्मक रूप से 21 पौधों का रोपण किया गया।पूरे क्षेत्र में ब्लॉक परिसर से लेकर प्रत्येक ग्राम पंचायतों तक वृक्षारोपण किया गया जिससे पर्यावरण के प्रति जन जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को नई दिशा मिली।