बहराइच संदेश महल समाचार
स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर पुलिस लाइन्स बहराइच में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के पुलिस कर्मियों के परिजनों और मेधावी विद्यार्थियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में मुख्य आरक्षी रामपाल की पुत्री तान्या को हाईस्कूल/इण्टरमीडिएट की परीक्षा में 93.4 प्रतिशत अंक हासिल करने पर पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर कहा कि तान्या की यह सफलता न केवल उनके अभिभावकों, बल्कि पूरे पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। तान्या के सम्मान के समय पूरे पंडाल में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करती हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देती हैं।
उन्होंने तान्या को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन से सफलता की नई ऊँचाइयों को छुएंगी।