भोपाल संदेश महल समाचार
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कुटुंब न्यायालय में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया। मामला किसी फिल्मी कहानी जैसा है। 90 के दशक की चर्चित फिल्म जुदाई की तर्ज पर यहां रिश्तों का ‘वित्तीय समझौता’ हुआ और पत्नी ने डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति व नकद लेकर पति से अलग होने का निर्णय ले लिया।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय सरकारी विभाग में कार्यरत 42 वर्षीय अधिकारी का अपनी ही विभाग की 54 वर्षीय महिला सहकर्मी से प्रेम संबंध हो गया। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद अधिकारी ने पत्नी और दो बेटियों से दूरी बनानी शुरू कर दी। घर में आए दिन विवाद होने लगे, जिसका सीधा असर बच्चों पर पड़ रहा था।
परिवार में बढ़ते तनाव के बीच 16 वर्षीय बड़ी बेटी ने हिम्मत दिखाते हुए मामला कुटुंब न्यायालय पहुंचाया। काउंसलिंग के दौरान पति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह पत्नी के साथ नहीं रहना चाहता और सहकर्मी के साथ जीवन बिताना चाहता है।
इसके बाद पत्नी ने बेटियों के भविष्य और अपने भरण-पोषण के लिए एक डुप्लेक्स मकान तथा 27 लाख रुपये नकद की मांग रखी। बताया जाता है कि प्रेमिका ने यह शर्त स्वीकार कर ली। कुल मिलाकर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति और नकद के साथ समझौता तय हुआ।
पारिवारिक मामलों के जानकारों का कहना है कि जब रिश्तों में भावनात्मक आधार समाप्त हो जाता है, तब जबरन साथ रहने से बेहतर आपसी सहमति से अलग होना होता है। हालांकि यह मामला अपने अनोखे स्वरूप के कारण शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।