प्रेमी ने निकाह की खातिर प्रेमिका की सिर काटकर की हत्या

सहारनपुर संदेश महल समाचार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश को झकझोर देने वाली सहारनपुर की सिर कटी महिला की गुत्थी सुलझते ही रिश्तों, धोखे और हैवानियत की खौफनाक कहानी सामने आ गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि 30 वर्षीय उमा की नृशंस हत्या उसके प्रेमी और टैक्सी ड्राइवर बिलाल ने की। हत्या का मकसद उमा से छुटकारा पाकर दूसरी युवती से निकाह करना था।

रिश्तों, धोखे और हैवानियत की खौफनाक कहानी

पुलिस के अनुसार, 6 दिसंबर की शाम बिलाल उमा को अपनी स्विफ्ट कार में बैठाकर करीब छह घंटे तक इधर-उधर घुमाता रहा। इसके बाद उसने हरियाणा के यमुनानगर स्थित कलेसर नेशनल पार्क के पास लालढांग की खाई को वारदात के लिए चुना। जंगल के समीप सुनसान इलाके में बिलाल ने उमा की बेरहमी से हत्या कर दी और सिर धड़ से अलग कर दिया।

हत्या के बाद आरोपी सीधे सहारनपुर स्थित अपने घर पहुंचा और इस तरह निकाह की खरीदारी में जुट गया, मानो कुछ हुआ ही न हो। उधर, पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हत्या में प्रयुक्त हथियार और कटा हुआ सिर बरामद करने की थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर उमा का सिर भी बरामद कर लिया गया।

उमा 13 वर्षीय बेटे की मां थी। वह पहले पति के साथ बेहट रोड स्थित रमजानपुरा में रहती थी। बाद में चिलकाना रोड के हलालपुर में रहने लगी, लेकिन पारिवारिक विवादों के चलते गंगोत्री कॉलोनी में अकेली रहने लगी। बेटा पिता के पास रहता था। करीब दो साल पहले उमा की मुलाकात टैक्सी चालक बिलाल से हुई और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। उमा का पूरा खर्च बिलाल उठाता था, जबकि आरोपी के परिजनों को इस रिश्ते की भनक तक नहीं थी।

ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, उमा की जिंदगी शुरू से ही विवादों में घिरी रही। 15 साल पहले उसकी शादी तय थी, लेकिन एक रात पहले वह प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। बाद में उसी से शादी हुई। डेढ़ साल पहले उसने तलाक ले लिया और बच्चे को भी छोड़ दिया।

मृतका के तलाकशुदा पति जॉनी ने बताया कि उनकी शादी 15 साल पहले हुई थी। डेढ़ साल पहले उमा ने यह कहकर तलाक ले लिया कि वह न तो पति के साथ रहना चाहती है और न ही बच्चे के साथ। जॉनी ने स्वीकार किया कि शादी से एक रात पहले वह उमा को भगाकर ले गया था। तलाक के पीछे की वजह उसे आज तक पता नहीं है। उमा लकड़ी के कारखाने में काम करती थी और तलाक के समय उसने बेटे को अपने साथ ले जाने से भी इनकार कर दिया था।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस जघन्य हत्याकांड ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि रिश्तों में भरोसा टूटने पर इंसान किस हद तक गिर सकता है।