बाराबंकी संदेश महल
देवा थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक 32 वर्षीय विवाहिता पर आरोप है कि वह अपने जेठ के 21 वर्षीय बेटे के साथ घर से चली गई। आरोप यह भी है कि महिला अपने साथ घर में रखी नकदी और जेवरात भी ले गई।पीड़ित पति अल्लारखा ने बताया कि वह कस्बों और चौराहों पर खेल-तमाशा दिखाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके अनुसार, उसने अपनी 14 वर्षीय बेटी के निकाह के लिए वर्षों की मेहनत से करीब 3 लाख रुपये के जेवर बनवाए थे तथा 1 लाख 30 हजार रुपये नकद इकट्ठा किए थे।अल्लारखा का कहना है कि रविवार को वह हैदरगढ़ क्षेत्र में कार्यक्रम हेतु गया हुआ था। इसी दौरान बड़े भाई का फोन आया, जिसके बाद वह तुरंत घर लौटा। घर पहुंचने पर पत्नी के घर से नदारद होने की जानकारी मिली। आरोप है कि महिला जेवर व नकदी भी साथ ले गई। घर में मौजूद दोनों बच्चे 14 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटा—अपनी मां के लिए रोते मिले।पीड़ित ने भावुक होते हुए कहा कि उसे पत्नी के जाने का उतना दुख नहीं है, जितना बेटी की शादी के लिए जोड़ी गई पूंजी के चले जाने का है। उसका कहना है कि उसने मेहनत और संघर्ष से यह रकम जमा की थी।मामले को लेकर पीड़ित ने योगी आदित्यनाथ के जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है तथा स्थानीय थाने में तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है और प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।