शिमला संदेश महल समाचार
ऑपरेशन अभ्यास को लेकर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपायुक्त ने सिविल डिफेंस और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को निर्देश दिए कि युद्ध जैसी किसी भी आपातकालीन स्थिति में आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने बताया कि सिविल डिफेंस व्यवस्था के तहत सभी प्रधान और पार्षद अपने-अपने वार्ड के वार्डन होंगे। इसके अलावा करीब 60 सिविल डिफेंस स्वयंसेवक इस अभ्यास में भाग लेंगे, जो लोगों को जागरूक करने का काम करेंगे।
उल्लेखनीय है कि आज सायं 4 बजे उपायुक्त कार्यालय और संजौली पार्किंग स्थल पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान 4 बजे सायरन बजेगा, जिसके बाद 10 मिनट की मॉक ड्रिल शुरू होगी। ड्रिल के समाप्त होने पर फिर से सायरन बजेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह महज एक अभ्यास है ताकि युद्ध जैसी स्थिति में आवश्यक कदमों की जानकारी आमजन को दी जा सके। लोगों से धैर्य बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी, अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने बताया कि आज सायं 7:20 से 7:30 तक पूरे शिमला शहर में ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान सभी लाइटें बंद रहेंगी। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे इस अवधि में अपने घरों में ही रहें, और जो लोग सड़क पर वाहन चला रहे हों वे वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोककर लाइट बंद कर दें। उन्होंने कहा कि यह अभ्यास जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए है, अतः सभी से जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने का आग्रह किया गया हैं।