गर्भवती-धात्री महिलाओं व बच्चों को मिला रोगों से सुरक्षा कवच

बाराबंकी संदेश महल
ग्रामीण अंचल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बसारी के पंचायत भवन में विशेष सघन टीकाकरण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं एवं बच्चों को विभिन्न जानलेवा बीमारियों से बचाव हेतु आवश्यक टीके लगाए गए।टीकाकरण के दौरान बच्चों को खसरा, पोलियो, निमोनिया, पीलिया तथा दिमागी बुखार (एईएस/जेई) जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव की वैक्सीन प्रदान की गई। वहीं गर्भवती महिलाओं को टिटनेस (टीटी) का टीका लगाकर सुरक्षित मातृत्व की दिशा में अहम कदम उठाया गया। साथ ही धात्री महिलाओं को ओटीटी इंजेक्शन लगाए गए, जिससे मां और नवजात शिशु दोनों के स्वास्थ्य को मजबूती मिल सके।अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एएनएम चंद्रलेखा शर्मा द्वारा ग्राम पंचायत की आशा बहुओं के माध्यम से कुल 31 लाभार्थियों को बुलावा पर्ची भेजी गई, जिसके चलते लक्षित लाभार्थियों की संतोषजनक उपस्थिति सुनिश्चित हुई। स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रियता, समन्वय और निगरानी में अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।यह टीकाकरण अभियान सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजर्षि त्रिपाठी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की पहल से संचालित किया गया। विभाग का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाना, संक्रामक रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।टीकाकरण अभियान के प्रति ग्रामीणों में भी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियानों से गांवों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और जरूरतमंदों को समय रहते उपचार एवं सुरक्षा मिल रही है।