बाराबंकी संदेश महल
सूरतगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत मंझारी में सोमवार को सरकारी राशन की दुकान (उचित दर विक्रेता) के चयन के लिए खुली बैठक आयोजित की गई। ग्राम पंचायत परिसर में हुई इस बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने प्रक्रिया को लेकर गांव में उत्साह और जागरूकता का माहौल दर्शाया।बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान मुन्नेहसन ने की। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत दो आवेदन प्राप्त हुए—सुशीला देवी पत्नी विजय सिंह तथा निर्मला देवी पत्नी जितेंद्र सिंह। दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में ग्रामीणों से हाथ उठवाकर मतदान कराया गया। निष्पक्षता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन भी मौके पर तैनात रहा।
मतगणना में सुशीला देवी को 276 मत प्राप्त हुए, जबकि निर्मला देवी के पक्ष में 225 मत पड़े। इस प्रकार 51 मतों के अंतर से सुशीला देवी को विजयी घोषित किया गया। खुली बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर उन्हें ग्राम पंचायत मंझारी का नया उचित दर विक्रेता चयनित किया गया।बैठक में परिवीक्षाधीन अधिकारी व प्रभारी एडीओ पंचायत पुष्पा मिश्रा तथा एडीओ एमआई लालमणि यादव की उपस्थिति रही। ग्राम पंचायत सचिव विजय लक्ष्मी सिंह ने पूरी प्रक्रिया का संचालन करते हुए प्रस्ताव को विधिवत अभिलेखों में दर्ज किया।