पीएन सिंह
बाराबंकी संदेश महल
विकास खंड सूरतगंज के हेतमापुर धाम में घाघरा नदी पर पुल निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती दिख रही है। विधान परिषद के सदस्यों ने इस मुद्दे को नियम-110 के अंतर्गत उठाते हुए सदन का ध्यान आकृष्ट कराया है। उनका कहना है कि पुल न होने के कारण बाराबंकी और बहराइच के लोगों को करीब 50 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।सदन में दी गई सूचना में कहा गया है कि हेतमापुर धाम में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। बहराइच की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को नावों के सहारे नदी पार करनी पड़ती है या फिर लंबा चक्कर लगाकर आना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की हानि होती है।सदस्यों ने इसे जनहित और लोकमहत्व का तात्कालिक विषय बताते हुए कहा कि इस समस्या से लाखों लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हैं। दोनों जनपदों के नागरिकों में असंतोष बढ़ रहा है और स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।नियम-110 के अंतर्गत प्रस्तुत सूचना में सरकार से मांग की गई है कि इस विषय पर सदन में वक्तव्य दिया जाए और शीघ्र निर्णय लेकर पुल निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बनने से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि क्षेत्रीय व्यापार और आवागमन भी सुगम होगा। अब देखना होगा कि सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है।