अनुज शुक्ल
सीतापुर संदेश महल समाचार
मुख्यालय स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आगामी 26 जनवरी से शुरू होने वाले “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान” की तैयारी बैठक की गई। जिला अध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी ने कहा कि “भारत जोड़ो यात्रा” के सफल अभियान के विस्तार के रूप में “हाथ से हाथ जोड़ो” एक व्यापक जनसंपर्क अभियान है। यह जनसंपर्क “भारत जोड़ो यात्रा” का विस्तार है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 26 जनवरी से शुरू होकर 2 महीने तक चलेगा तथा ये विशाल अभियान पदयात्रा के रूप में जिले की सभी ग्राम पंचायतों/गांवों और वार्डों को कवर करेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कपूरी ठाकुर की जयंती मनाते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि के साथ की गई। पूर्व जिला अध्यक्ष व पीसीसी सदस्य रमेश निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि आज हर वो व्यक्ति जो विभाजनकारी शक्तियों के खिलाफ है, वो कांग्रेस पार्टी की “भारत जोड़ो यात्रा के साथ” में खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि हम सभी को इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी व महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शमीना शफीक ने अपने उद्बोधन में कहा कि विधानसभा सीतापुर में विधिवत रूप से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और संगठन द्वारा जो कार्यक्रम किए जाएंगे उसमें पूर्ण सहभागिता रहेगी साथ ही साथ उन्होंने कुछ अतिरिक्त कार्यक्रमों को भी “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान” के दौरान कराने की बात कही।
जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, पीसीसी सदस्यों, ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों तथा फ्रंटल/विभाग/प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों द्वारा अपने अपने विचार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए चर्चा करते हुए व्यापक रणनीति बनाई गई।