महिला आयोग सदस्य अंजू प्रजापति ने की जनसुनवाई दिए आवश्यक निर्देश

विमलेश पांडेय लखीमपुर-खीरी संदेश महल समाचार

उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अंजू प्रजापति ने कलेक्ट्रेट पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन में महिला जनसुनवाई की। जिसमें महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा व दहेज संबंधी 22 मामले पेश हुए।
फरियादियों को हर संभव मदद मुहैया कराए जाने के संबंध में आश्वस्त किया। सुनवाई के दौरान प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उत्पीड़न का शिकार कोई भी महिला व बालिका महिला जनसुनवाई में समस्याओं का त्वरित निदान पा सकती है। महिला उत्पीड़न की रोकथाम व पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाए जाने के उद्देश्य से जिले में ही इस महिला जनसुनवाई का आयोजन किया। उत्पीड़न संबंधी किसी भी समस्या का त्वरित निदान के लिए संबंधित महिला एवं बालिका उप्र राज्य महिला आयोग के व्हाट्सएप नंबर : 6306511708 व आयोग के ईमेल पर प्रार्थना पत्र भेजकर निदान व निस्तारण करा सकती है। उप्र राज्य महिला आयोग प्रदेश भर की उत्पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए गम्भीर है। आयोग द्वारा उत्पीड़ित महिलाओं की जनसुनवाई करते हुए उन्हें त्वरित न्याय उपलब्ध करायें जाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।

जन सुनवाई के दौरान 22 महिलाओं ने की शिकायत

महिला जनसुनवाई के दौरान बुधवार को लगभग 22 उत्पीड़ित महिलाओं ने सदस्य अंजू प्रजापति से मुलाकात करते हुये अपने उत्पीड़न के सम्बन्ध में बताया, जिसे उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति ने बहुत ही गम्भीरता से लिया और इस सम्बन्ध में उन्होंने महिला पुलिस अधिकारियों को नियमानुसार कड़ी कार्यवाही करते हुये पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता पहुंचाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा महिला जनसुनवाई के दौरान जो गम्भीर प्रकरण सामने आये है, उनका सही प्रकार से निस्तारण एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित गति से न्याय प्राप्त हो।
जन सुनवाई के दौरान एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह, डीपीओ संजय कुमार निगम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य मो. सईद खा, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना शकुंतला उपाध्याय, महिला शक्ति केंद्र की महिला कल्याण अधिकारी आर्य मित्रा बिस्ट, जिला समन्वयक निक्की गुप्ता, सरोजिनी चौधरी अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!