राजस्थान संदेश महल समाचार
कृष्ण मंदिरों में आज नंदोत्सव मनाया जा रहा है। इस अवसर पर जयपुर के गोविंद देवजी मंदिर में भगवान का फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया है। सुबह धूप झांकी खुलने पर ठाकुर जी का वेद मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया। शाम को गोविंद देवजी की शोभायात्रा निकाली जाएगी। ये शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से रवाना होगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री गोपीनाथ मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा में हाथी, ऊंट, घोड़े, बैल का लवाज़मा, कीर्तन मंडल और बैंड शामिल होंगे। शोभायात्रा को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हैं। इसके साथ ही चार दीवारी में यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है। इधर, राज्य सरकार ने शोभायात्रा के मद्देनजर जयपुर में सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में आधे दिन का अवकाश घोषित किया है। विभिन्न जिलों में भी नंदोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। राजसमंद के नाथद्वारा में श्रीनाथजी की मनोरम झांकी सजाई गई है तथा विशेष पूजा अर्चना की जा रही है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेने पहुंचे हैं। चित्तौडगढ के सांवलिया सेठ मंदिर में विशेष आयोजन हो रहे हैं। सीकर के खाटूश्यामजी मंदिर में भी दूर दूर से श्रद्धालु पहुंचे हैं। झालावाड़ के द्वारिकाधीश मंदिर में भगवान के पालने के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। कोटा के वल्लभ संप्रदाय की प्रथम पीठ के श्री बडे मथुराधीश मंदिर पर नंदोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम हो रहे हैं। बीकानेर के लक्ष्मीनाथ और मरुनायक मंदिर में भगवान की विशेष झांकी सजाई गई है। करौली के मदनमोहन जी मंदिर में नंदोत्सव की धूम है। इस अवसर पर मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ है। इससे पहले कल रात बारह बजते ही मंदिरों में उल्लास के साथ कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की के उद्घोष के साथ पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया। जयपुर के गोविंद देवजी मंदिर में भगवान कृष्ण का अभिषेक 935 किलो पंचामृत से किया गया और उन्हें भोग लगाया गया। घर-घर में भी रात बारह बजते ही कृष्ण प्राकट्यो उत्सव मनाया गया।