रोडवेज बसों का इंतजार कर रहा पूरा ग्रामीण इलाका 40 गांवों के लोग परेशान

हीराराम सैन
सिरोही राजस्थान संदेश महल
रेवदर तहसील के कई ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) की बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भटाना क्षेत्र सहित आसपास के लगभग 5–6 पंचायतों के करीब 40 गांवों के लोग लंबे समय से सरकारी बसों के संचालन का इंतजार कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार आबूरोड से रेवदर वाया करोटी हाइवे से लगभग 30 किलोमीटर अंदर स्थित दतानी, मकावल, भेरूगढ़, मारोल, भटाना, पादर, गुंडवाड़ा, आवाडा और रामपुरा सहित कई पंचायत मुख्यालयों पर रोडवेज की कोई नियमित बस सुविधा नहीं है। इससे ग्रामीणों को आवागमन के लिए निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि पहले सिरोही से भटाना रूट पर एक बस सुबह भटाना से सिरोही जाती थी और शाम को वापस भटाना आकर रात में वहीं रुकती थी। इसी तरह आबूरोड से भी भटाना के लिए बस सेवा संचालित होती थी, जो सुबह भटाना से आबूरोड जाती और दोपहर तथा शाम को वापस लौटती थी। लेकिन पिछले कुछ समय से इन बसों का संचालन बंद हो गया है।इस क्षेत्र के लोगों का गुजरात के पालनपुर, डीसा और धानेरा जैसे शहरों में अस्पताल एवं अन्य कार्यों के लिए नियमित आवागमन रहता है। बस सेवा नहीं होने के कारण यात्रियों को निजी टैक्सी और वाहनों से मनमाना किराया देकर यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आवेदन भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और आबूरोड रोडवेज डिपो प्रशासन से जल्द बस सेवा शुरू करने की मांग की है ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।