कमरे के कुंडे से महिला का लटका मिला शव, हत्या का आरोप

रिपोर्ट
दियंश कुमार
लखीमपुर-खीरी संदेश महल समाचार

मोहल्ला द्वारिकापुरी में एक महिला का घर के अंदर कमरे में शव लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के मायके वालों ने दहेज की खातिर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया और पोस्टमार्टम के बाद शव को पुराने होमगार्ड दफ्तर के पास सेठघाट चौराहे पर रखकर जाम लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले तो प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माने तो पुलिस ने भीड़ को खदेड़ दिया।

मोहल्ला प्रकाशनगर निवासी कमला देवी ने बताया कि पुत्री पारो चुन्नी का विवाह 30 जनवरी 2020 को शहर के ही मोहल्ला द्वारिकापुरी निवासी विजय के साथ किया था। शादी के बाद से पति और ससुराल के अन्य लोग कम दहेज लाने की बात कहकर मारपीट कर बेटी को प्रताड़ित करते थे। दामाद विजय और ससुराल के अन्य लोगों की मांग पर कुछ दिन पहले उनके घर पर इनवर्टर लगवाया था, इसके बाद भी आरोपी नहीं माने और पुत्री को प्रताड़ित करते रहे। आरोप है कि पुत्री को मायके भी नहीं आने देते थे।
जिसकी हत्या कर दी गई। मायके वाले एसपी दफ्तर पहुंचे और शिकायती पत्र देकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने पति समेत चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले शव लेकर घर जा रहे थे। पुराने होमगार्ड दफ्तर के निकट सेठघाट चौराहे पर शव वाहन से उतारकर रख दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे।
सूचना पाकर सीओ सिटी अरविंद वर्मा, प्रभारी निरीक्षक सदर सुनील कुमार सिंह, एसएसआई शिवप्रकाश पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी न किए जाने तक जाम खोलने पर राजी नहीं हुए। करीब आधे घंटे की मान मनौव्वल के बाद भी जब लोग नहीं माने तो पुलिस ने सख्ती दिखाई और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया।
पुलिस ने एंबुलेंस में शव रखवाकर मायके वालों के घर भिजवाया, बाद में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक सदर सुनील कुमार सिंह ने बताया महिला का शव फंदे से लटका था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका की मां की तहरीर पर पति समेत चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश चल रही है, लेकिन कुछ लोगों के उकसाने पर परिवार वालों ने शव रखकर जाम लगा दिया था। पुलिस के समझाने पर सभी लोग मान गए हैं और शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।