लाल किले ब्लास्ट पर बड़ा खुलासा: फरीदाबाद मॉड्यूल से जुड़े तार,संदिग्ध डॉक्टर उमर मोहम्मद पर शक गहरा

नई दिल्ली संदेश महल
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट मामले में जांच एजेंसियों को बड़ा सुराग मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि फरीदाबाद में आतंकियों के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद संदिग्ध डॉ. उमर मोहम्मद घबरा गया था और इसी जल्दबाज़ी में उसने दिल्ली में धमाके को अंजाम दिया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, विस्फोट में आईईडी से भरी कार का इस्तेमाल किया गया था और यह आत्मघाती हमला प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से बरामद शव की पहचान के लिए दिल्ली पुलिस डीएनए परीक्षण करा रही है, ताकि पुष्टि हो सके कि क्या कार चलाने वाला व्यक्ति वास्तव में डॉक्टर उमर मोहम्मद था या कोई और।

फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जुड़े तार

फरीदाबाद से अमोनियम नाइट्रेट की भारी बरामदगी के बाद एजेंसियां उमर की तलाश में थीं। सूत्रों के मुताबिक, पुलवामा निवासी डॉक्टर उमर कथित तौर पर वही हुंडई i20 चला रहा था, जिसमें विस्फोट हुआ।

जांच में खुलासा हुआ है कि कार चलाने वाले व्यक्ति का संबंध सीधे फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से है। CCTV फुटेज में भी एक व्यक्ति कार लेकर आते हुए दिखाई दे रहा है।

गृहमंत्री अमित शाह का कड़ा तेवर

दिल्ली धमाके को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उच्च स्तरीय बैठक कर सुरक्षा एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दोषियों का बचना असंभव है।

उन्होंने कहा कि धमाके में शामिल हर व्यक्ति को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। गृह मंत्रालय ने मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी है, जो इस घटना को आतंकी कृत्य के रूप में देख रही है।

फरीदाबाद से डॉक्टर शाहीन की गिरफ्तारी, परिवार सदमे में

फरीदाबाद से डॉ. शाहीन की गिरफ्तारी के बाद लखनऊ स्थित उनके परिवार में गहरा सदमा है। लालबाग और खंदारी बाजार स्थित उनके घरों पर पुलिस की हलचल से इलाके में चर्चा है।
पिता ने कहा—

मेरी बेटी डॉक्टर है, लोगों की सेवा करती रही है… उसका किसी गलत काम से कोई संबंध नहीं हो सकता।

डॉक्टर शाहीन कई वर्षों से लखनऊ से बाहर नौकरी कर रही थीं और शादी के बाद महाराष्ट्र में रहने लगी थीं।

खंदारी बाजार स्थित पुश्तैनी घर में सन्नाटा

लखनऊ के खंदारी बाजार स्थित मकान नंबर 121 में परिवार मूल रूप से निवास करता है। पड़ोसी बताते हैं कि परिवार शांत स्वभाव का और पढ़ा-लिखा है। शाहीन कई वर्षों से घर से बाहर थीं तथा परिवार से अलग रह रही थीं।

क्या है ANFO — अमोनियम नाइट्रेट फ्यूल ऑयल?

10 नवंबर को हुए विस्फोट में ANFO (Ammonium Nitrate Fuel Oil) का उपयोग किया गया।
जांच रिपोर्ट के अनुसार:

अमोनियम नाइट्रेट को फ्यूल ऑयल के साथ मिलाकर विस्फोटक तैयार किया गया

डेटोनेटर को मैन्युअल तरीके से ट्रिगर किया गया

यह संरचना इंडस्ट्रियल ग्रेड विस्फोटक होती है और आसानी से बड़े धमाके कर सकती है

J&K CM फारूक अब्दुल्ला की प्रतिक्रिया

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा—

यह हमला मानवता और शांति पर प्रहार है। दोषियों को तुरंत न्याय के दायरे में लाया जाए।

असम में सोशल मीडिया पोस्ट पर कार्रवाई, एक व्यक्ति हिरासत में

असम के सिलचर में पुलिस ने नजरुल इस्लाम बरभुइया नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उसने फेसबुक पर दिल्ली ब्लास्ट को लेकर लिखा था—

चुनाव आ रहे हैं…

पुलिस इसे गंभीर मानते हुए पूछताछ कर रही है कि उसका उद्देश्य क्या था।

पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता का ऐलान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीड़ितों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की—

मृतकों के परिवार: ₹10 लाख

पूर्ण दिव्यांग हुए लोग: ₹5 लाख

गंभीर घायल: ₹2 लाख

सभी घायलों का इलाज दिल्ली सरकार कराएगी