रावत
सीतापुर संदेश महल
मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के कुतुबनगर के पास बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर के दौरान हुआ।
जानकारी के अनुसार, सरौसा गांव निवासी अभिषेक कुमार (16) पुत्र रामचंद्र अपने परिचित राहुल के साथ बाइक से बाजार जा रहा था। दोपहर करीब चार बजे कुतुबनगर के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सवार सड़क पर जा गिरे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को सीएचसी मिश्रिख पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। घायल राहुल का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाइकों को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग अस्पताल पहुंचते ही बेसुध हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और मोड़ के पास दृश्यता कम होने के कारण यह हादसा हुआ।