प्रयागराज संदेश महल समाचार
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) के 17,735 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। आयोग की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 07/2026 के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, अभ्यर्थियों की सुविधा और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों को टीजीटी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने से पहले ओटीआर की प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा।
23 और 24 दिसंबर को होगी परीक्षा आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, भर्ती विज्ञापन 23 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित किया गया है। ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर से शुरू होगी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन पत्र में त्रुटि होने पर अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 तक संशोधन कर सकेंगे।
टीजीटी भर्ती परीक्षा का आयोजन 23 और 24 दिसंबर 2026 को निर्धारित किया गया है।
आवेदन से पहले विज्ञापन पुस्तिका पढ़ने की सलाहआयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर लें। शैक्षिक योग्यता, पात्रता और आवेदन संबंधी नियमों की जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विज्ञापन से प्राप्त की जा सकती है।आयोग के अनुसार, शैक्षिक योग्यता एवं पात्रता से संबंधित व्यक्तिगत परामर्श अलग से उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को स्वयं विज्ञापन में दिए गए सभी निर्देशों को समझकर आवेदन करना चाहिए।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण तिथियां
विज्ञापन जारी होने की तिथि: 23 अक्टूबर 2026
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 24 अक्टूबर 2026
आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 23 नवंबर 2026
आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि: 26 नवंबर 2026
परीक्षा की तिथि: 23 एवं 24 दिसंबर 2026
कुल विज्ञापित पद: 17,735
आयोग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से ओटीआर पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तकनीकी समस्या या अन्य परेशानी के कारण आवेदन करने से वंचित न होना पड़े।