भालू ने किया बकरी का शिकार, तीन की मौत गांव में दहशत

हीराराम सैन
सिरोही राजस्थान संदेश महल
जिले के भटाना क्षेत्र के निकट पादर ग्राम पंचायत के ढिबड़ी गांव में बृहस्पतिवार देर रात करीब 2 बजे एक भालू ने बकरियों के बाड़े में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में तीन बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य बकरियां घायल हो गईं।जानकारी के अनुसार, धुड़ाराम पुत्र अजबाराम के घर स्थित बाड़े में अचानक भालू घुस आया और बकरियों पर हमला कर दिया। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय जनप्रतिनिधि धिराराम ने तुरंत वन विभाग और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही वनपाल देवीलाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं भटाना चौकी प्रभारी फगलूराम विश्नोई भी घटनास्थल पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद करीब रात 3 बजे भालू को गांव से बाहर खदेड़ा गया। शुक्रवार सुबह पशु चिकित्सक सुनील जानी मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने घायल बकरियों का उपचार किया और मृत बकरियों का पोस्टमार्टम किया।ग्रामीणों के अनुसार, भालू को अभी भी आसपास की पहाड़ियों में देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की मांग की है।