विधायक मद से स्वीकृत करीब पांच लाख रुपये की लागत से हुआ था निर्माण
हीराराम सैन
भटाना रेवदर राजस्थान संदेश महल समाचार
सरकारी धन से होने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सिरोही जिले की रेवदर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मकावल में करीब पांच लाख रुपये की लागत से बनाई गई सीसी सड़क नौ महीने के भीतर ही क्षतिग्रस्त होने लगी है। सड़क पर जगह-जगह दरारें दिखाई दे रही हैं, वहीं किनारों से सीमेंट-कंक्रीट उखड़ने लगा है। सड़क की यह स्थिति देखकर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी और संभावित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है।मामला ग्राम पंचायत मकावल मुख्यालय पर मुख्य सड़क से जीएसएस रोड होते हुए पुराने खेल मैदान तक बनाई गई सीसी सड़क का है। जानकारी के अनुसार, विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत रेवदर विधायक मोतीलाल कोली की अनुशंसा पर सड़क निर्माण के लिए 4 लाख 98 हजार 584 रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। निर्माण कार्य की शुरुआत 2 मार्च 2026 को हुई तथा अभिलेखों में कार्य पूर्ण होने की तिथि 30 मार्च 2026 दर्ज है।
हैरानी की बात यह है कि निर्माण पूरा होने के महज नौ महीने के भीतर ही सड़क पर दरारें और टूट-फूट नजर आने लगी है। जिस सड़क से ग्रामीणों को लंबे समय तक बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद थी, उसकी मौजूदा हालत ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सरकारी धन खर्च, फिर भी सड़क की हालत खराब
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया। उनका सवाल है कि आखिर इतनी कम अवधि में सड़क क्षतिग्रस्त कैसे होने लगी? क्या निर्माण कार्य के दौरान सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जांच की गई थी? क्या कार्य पूर्ण होने से पहले संबंधित अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण किया था?
ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल की गई सामग्री, सड़क की मोटाई, तकनीकी गुणवत्ता और भुगतान से संबंधित अभिलेखों की जांच कराई जाए। साथ ही मौके पर तकनीकी टीम भेजकर निष्पक्ष जांच की जाए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो और सड़क की मरम्मत गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराई जाए।
विधायक बोले- ऑनलाइन शिकायत करें, अधिकारियों से भी करूंगा बात इस संबंध में रेवदर विधायक मोतीलाल कोली से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा, “ग्राम पंचायत मकावल में बनी सीसी सड़क पर यदि दरारें आई हैं तो ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, जिससे इसकी जांच हो सके। इस संबंध में अधिकारियों से भी बात करूंगा।
बीडीओ ने एईएन से मौके पर जांच कराने का दिया भरोसा
वहीं रेवदर पंचायत समिति के विकास अधिकारी (बीडीओ) सावला राम चौधरी ने कहा कि मकावल ग्राम पंचायत के जीएसएस रोड पर बनी सीसी सड़क में दरारें आने की जानकारी मिली है। इस मामले में पंचायत समिति के सहायक अभियंता (एईएन) को मौके पर भेजकर जांच करवाई जाएगी।
अब जांच रिपोर्ट पर टिकी ग्रामीणों की निगाहें
करीब पांच लाख रुपये की लागत से बनी सड़क का इतनी कम अवधि में खराब होना कई सवाल खड़े कर रहा है। अब ग्रामीणों को इंतजार है कि तकनीकी जांच में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं और सरकारी धन के उपयोग की वास्तविक स्थिति क्या निकलती है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि केवल आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और सड़क को टिकाऊ बनाने के लिए ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।